फतेहपुर में दलित किशोरी से दुष्कर्म, मामला दर्ज

लखनऊ। फतेहपुर जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 साल की दलित किशोरी को अगवा कर उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

जहानाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) केशवदास वर्मा ने शनिवार को बताया क्षेत्र के एक गांव की 16 साल की दलित किशोरी को अगवा कर उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म करने की वारदात बृहस्पतिवार रात की है। पीड़िता के परिजनों ने उसे (पीड़िता को) शुक्रवार सुबह आरोपी युवक के घर से बरामद कर मामला दर्ज करवाया है।

दर्ज प्राथमिकी के आधार पर वर्मा ने बताया कि पीड़िता बृहस्पतिवार की रात घर के बाहर छप्पर में सो रही थी, तभी आधी रात को गांव का 22 वर्षीय युवक उसे अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। एसएचओ ने बताया कि शुक्रवार सुबह परिजन और ग्रामीणों ने पीड़िता को आरोपी युवक के घर से बरामद कर पुलिस को इस बारे में सूचित किया।

वर्मा ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर शुक्रवार की शाम आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देने, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम (एससीएसटी एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया और शनिवार को पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

First Published on: September 25, 2021 12:57 PM
Exit mobile version