केजरीवाल ने सिद्धू के ट्वीट पर कहा- ‘विपक्षी दलों के सराहना करने से प्रोत्साहन मिलता है’

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि विपक्षी नेताओं द्वारा उनकी पार्टी की सराहना करने से वह ‘‘प्रोत्साहित’’ महसूस करते हैं।

पणजी। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि विपक्षी नेताओं द्वारा उनकी पार्टी की सराहना करने से वह ‘‘प्रोत्साहित’’ महसूस करते हैं।

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को ट्वीट करके कहा था कि ‘आप’ ने हमेशा ही पंजाब के लिए किए गए उनके कार्य एवं दूरदर्शिता को पहचाना है।

सिद्धू के ट्वीट के बारे में पूछे जाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ नवजोत सिंह सिद्धू.. वह पंजाब में हैं। मैं खुश हूं कि ‘आप’ इतना अच्छा काम कर रही है कि विपक्षी नेता भी हमारी सराहना कर रहे हैं। इससे काफी प्रोत्साहन मिलता है।’’

केजरीवाल गोवा के दो दिवसीय दौरे पर हैं।

सिद्धू ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा था, ‘‘हमारे विपक्षी दल ‘आप’ ने हमेशा ही पंजाब के लिए किए गए मेरे कार्य एवं दूरदर्शिता को पहचाना है। चाहे वह 2017 से पहले मेरे द्वारा उठाए गए बेअदबी, मादक पदार्थ, किसानों की परेशानियां, भ्रष्टाचार एवं बिजली संकट के मुद्दे हों, जिनका सामना पंजाब की जनता को करना पड़ रहा था या फिर आज जिस तरह मैंने ‘पंजाब मॉडल’ पेश किया है। वे साफ तौर पर जानते हैं कि वास्तव में पंजाब के लिए कौन लड़ रहा है?’’

First Published on: July 14, 2021 12:59 PM
Exit mobile version