उत्तर प्रदेश के गोंडा में चर्चित विनोद साहनी हत्याकांड के बाद जिले में राजनीति के साथ-साथ पुलिस भी सोशल मीडिया पर होने वाली जातिगत और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर सतर्क हो गई है। पुलिस के अनुसार, विनोद साहनी की हत्या सोशल मीडिया पर जाति विशेष को लेकर की गई कथित टिप्पणी से नाराजगी के चलते हुई थी। इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निगरानी तेज कर दी है।
पुलिस की सोशल मीडिया सेल और साइबर टीम लगातार फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य प्लेटफॉर्म्स पर नजर रख रही है। पुलिस के मुताबिक, समाज में वैमनस्यता फैलाने वाली कथित पोस्ट के मामले में अब तक तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
इनमें इटियाथोक थाना क्षेत्र की रहने वाली काजल सिंह, कर्नलगंज थाना क्षेत्र के कृष्ण कुमार निषाद और तरबगंज निवासी राम किशुन शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि तीनों के खिलाफ सोशल मीडिया पर समाज में वैमनस्यता फैलाने से संबंधित कथित पोस्ट के आधार पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।
गोंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी जाति या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे मामलों की लगातार निगरानी कर रही है और शिकायत या संज्ञान में आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
विनोद साहनी हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर जातिगत और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर गोंडा पुलिस सतर्क है। पुलिस की सोशल मीडिया सेल लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की मॉनिटरिंग कर रही है। समाज में वैमनस्यता फैलाने वाली कथित टिप्पणियों के मामले में अब तक तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
सदर सर्किल के CO अभिषेक ने बताया कि जनपद गोंडा के अंदर दो मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं, एक इटियाथोक थाना में मुकदमा अपराध संख्या 323/26 जो पंजीकृत किया गया है, दूसरा कोतवाली कर्नलगंज के अंदर 547/26 पंजीकृत किया गया है। ये कृष्ण कुमार निषाद के खिलाफ पंजीकृत किया गया है।
दोनों मुकदमे साइबर सेल के द्वारा जो पोस्ट ट्रेस आउट हुए हैं, जो कि सांप्रदायिक भावना को, किसी एक जाति विशेष को दूसरे जाति विशेष के प्रति हिंसात्मक कार्यवाही करने के लिए अग्रसर करते हैं, तो उन पर तत्काल पुलिस द्वारा कार्यवाही की गयी है और इन दोनों मुकदमों में आगे विवेचना की कार्यवाही की जा रही है।
इस संदर्भ में लोगों से अपील करते हुए सीओ ने कहा कि सभी से अनुरोध है कि गोंडा पुलिस की पैनी नजर है। इन सारे पोस्ट के ऊपर जो कि सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का काम करते हैं और मेरा आप सभी से अनुरोध भी है कि आप ऐसे पोस्ट को ट्वीट या पोस्ट करने से बचें तथा आप अपने मन में किसी दूसरे जाति, धर्म, संप्रदाय विशेष के विरुद्ध कोई भी विद्वेषपूर्ण भावना ना रखते हुए पोस्ट करें। क्योंकि उससे हमारी शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित होती है। अपने दायित्व को समझते हुए सोशल मीडिया गाइडलाइंस का पालन करें।
