रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी ने एम्स में ली अंतिम सांस, शोक की लहर

बबली कुमारी बबली कुमारी
देश Updated On :

नई दिल्ली। भारतीय राजनीति में एक शक्तिशाली नेता के तौर पर रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी को जाना जाता था। कोरोना महामारी की वजह से सुरेश अंगड़ी बुधवार को ज़िन्दगी की जंग हार गए। 11 सितंबर को कोरोना पॉज़िटिव रिपोर्ट आने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्होंने ख़ुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी।

उन्होंने ट्वीट किया था, “मेरी कोरोना रिपोर्ट आज पॉज़िटिव आई है। मैं अभी ठीक हूँ. डॉक्टरों से सलाह ले रहा हूँ। पिछले कुछ दिनों में जो लोग मेरे क़रीब संपर्क में आए वो अपनी सेहत का ख्याल रखें और किसी भी लक्षण के दिखने की हालत में अपना टेस्ट करवाएँ।”

अंगड़ी 2004 से लगातार चार बार बेलगावी सीट से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे। 65 वर्षीय अंगड़ी के परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। वह युवावस्था में ही आरएसएस से जुड़ गए थे। अंगड़ी का जन्म 1 जून 1955 को बेलगावी जिले के कोप्पा गांव में सोमव्वा और चन्नाबसप्पा अंगड़ी के घर में हुआ। उसी जिले के एसएसएस समिति कॉलेज ऑफ कॉमर्स से उन्होंने स्नातक तक की पढ़ाई की। उन्होंने बेलगावी के राजा लखमगौड़ा विधि कॉलेज से कानून में स्नातक की पढ़ाई की।

पेशे से कारोबारी अंगड़ी को उनके राजनीतिक करियर में बड़ा ब्रेक भाजपा की बेलगावी इकाई का उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद मिला। वह 2004 के चुनाव में बेलगावी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बनने तक इस पद पर रहे। इसके बाद उन्होंने बेलगावी सीट से 2009, 2014 और 2019 का चुनाव भी जीता । ऐसे में कहा जा सकता है कि अंगड़ी ने लोकसभा चुनाव में कभी हार का सामना नहीं किया क्योंकि उन्होंने पहली बार 2004 में चुनाव लड़ा था और उसके बाद से वह कभी नहीं हारे। वह सभी चुनावों में अजेय रहे। वह एक शिक्षाविद भी रहे और बेलगावी स्थित सुरेश अंगड़ी शिक्षा फाउंडेशन के प्रमुख भी थे, जो कई कॉलेजों का संचालन करती है। बेंगलुरू और कर्नाटक को लेकर उनके पास बड़ी योजना थी। अंगड़ी ने बेंगलुरु में उपनगरीय रेल परियोजना को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो शहर के लोगों की काफी समय से लंबित मांग थी।

राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंगड़ी के निधन पर गहरा दुख जताया है। राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर कहा कि केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद सुरेश अंगड़ी के असामयिक निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। यह जन-सेवा के क्षेत्र की विशेष रूप से कर्नाटक के लोगों के लिए एक त्रासद हानि है। मेरी शोक-संवेदना उनके शोकाकुल परिवार, सहकर्मियों और असंख्य सहयोगियों के साथ है।

 

सुरेश अंगड़ी के कोरोना से निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे, जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की। वह एक समर्पित सांसद और प्रभावशाली मंत्री थे, जो पूरे स्पेक्ट्रम में प्रशंसित थे। उनका निधन दुखदायी है। दुख की इस घड़ी में मेरी सांत्वना उनके परिवार और दोस्तों के साथ है। ओम शांति।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उन्हें राष्ट्र और भाजपा के प्रति उनकी नि:स्वार्थ सेवा के लिए हमेशा याद किया जाएगा। अंगड़ी का यहां एम्स में बुधवार को निधन हो गया। वह कुछ दिन पहले कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए थे। शाह ने ट्वीट किया, ‘‘रेल राज्य मंत्री एवं कर्नाटक के वरिष्ठ भाजपा नेता, श्री सुरेश अंगड़ी के निधन के बारे में जानकर गहरी पीड़ा हुई। उन्हें देश और पार्टी के लिए उनकी नि:स्वार्थ सेवा के लिए हमेशा याद किया जाएगा। मेरी गहरी संवेदना उनके परिवार के साथ हैं। ओम शांति शांति शांति।’’ गृह मंत्रालय के अनुसार, रेल राज्‍य मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन के कारण दिल्ली के सरकारी कार्यालयों में गुरुवार को राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।

 

केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी अंगड़ी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा, ”इस समय मुझे शब्द नहीं मिल रहे हैं। वह एक अद्भुत इंसान थे। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। वह मुझसे बड़े थे और उन्होंने मेरा हमेशा मार्गदर्शन और समर्थन किया। उनके नेतृत्व में भारतीय रेलवे कई नए आयाम गढ़ रहा था।”