
पटना। पिछले विधानसभा चुनाव के समय भाजपा के अंदरखाने एक नाम की बहुत चर्चा हो रही थी। वह नाम आरएसएस से लंबे समय से जुड़े निष्ठावान स्वयंसेवक राजेंद्र सिंह हैं। सिंह का नाम तब रातों-रात चर्चा में आया था जब उन्हें केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से मुख्यमंत्री पद का संभावित उम्मीदवार बताया गया। कानोंकान यह खबर समूचे बिहार में फैल गयी और पटना में राजेंद्र सिंह के आवास पर भाजपा नेताओं की भीड़ इकट्ठा होने लगी। लेकिन बिहार विधानसभा की बाजी पलटने के बाद यह संभावना खत्म हो गयी।
लेकिन उसी संघ के निष्ठावान स्वयंसेवक राजेंद्र सिंह को बाजपा ने इस बार टिकट देना भी मुनासिब नहीं समझा। कहा जा रहा है कि जिस सीट से राजेंद्र सिंह चुनाव लड़ना चाहते थे वह सीट गठबंधन के तहत जेडीयू के खाते में चली गयी। फिलहाल इस बिहार में भाजपा नेताओं का लोजपा में जाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
भाजपा नेता उषा विद्यार्थी ने चिराग पासवान की उपस्थिति में यहां बुधवार को लोक जनशक्ति पार्टी में शामिल हो गईं। उम्मीद जताई जा रही है कि विद्यार्थी को पालीगंज विधानसभा सीट से टिकट दिया जाएगा, जहां से जद (यू) के प्रत्याशी भी मैदान में हैं।
विद्यार्थी के लोजपा में शामिल होने से एक दिन पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लंबे समय तक जुड़े रहे राजेंद्र सिंह ने भी लोजपा का दामन थाम लिया था। सिंह दिनारा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन भाजपा के साथ हुए सीटों के बंटवारे के चलते वहां से जद (यू) के प्रत्याशी को टिकट दिया जाएगा।
लोजपा ने जद (यू) के प्रत्याशियों के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा की थी। साथ ही पार्टी ने कहा था कि वह भाजपा के खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारेगी। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भाजपा के और नेता लोजपा में शामिल होंगे।
लोजपा प्रमुख चिराग पासवान पिछले कुछ समय से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लेते रहे हैं। हाल में ही बिहार में राजग से अलग होकर लोजपा के चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए उन्होंने दावा किया था कि राज्य में अगली सरकार उनकी पार्टी के समर्थन से भाजपा के नेतृत्व वाली होगी।
वहीं, भाजपा ने मंगलवार को इसपर स्थिति साफ करते हुए कहा था कि बिहार में राजग के नेता नीतीश कुमार हैं और अगर चुनाव के बाद गठबंधन की सरकार बनती है तो वही फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। बिहार में 28 अक्टूबर से तीन चरणों में राज्य विधानसभा के चुनाव होने हैं।