भारत में कोरोना के मामले 45 लाख के पार, महाराष्ट्र के अस्पतालों को दिए जाएंगे 80% ऑक्सीजन सिलेंडर

भाषा भाषा
देश Updated On :

नई दिल्ली। जहाँ भारत में एक दिन में कोरोना के 96,551 नए मामले सामने आने के बाद देशभर में संक्रमण के मामले बढ़कर शुक्रवार को 45 लाख के पार चले गए। वहीं 1,209 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 76,271 हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार तक 35 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हो गए हैं। मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के मामले बढ़कर 45,62,414 हो गए हैं। जबकि 35,42,663 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।मृत्यु दर गिरकर 1.67 प्रतिशत हो गई और मरीजों के ठीक होने की दर 77.65 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 9,43,480 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 20.68 प्रतिशत है।

भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या सात अगस्त को 20 लाख के पार हो गई थी। यह 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख के पार पहुंच गई थी। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में 10 सितम्बर तक कोविड-19 के लिए 5,40,97,975 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 11,63,542 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को ही की गई।

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि आने वाले दिनों में कोविड-19 के मामले बढ़ने की विश्व स्वास्थ्य संगठन की चेतावनी के मद्देनजर राज्य सरकार ने अस्पतालों को 80 प्रतिशत और उद्योगों को 20 प्रतिशत ऑक्सीजन सिलेंडर देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में शुरुआत में संक्रमण की जांच के लिए कुछ ही प्रयोगशालाएं थीं, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 550 हो गई है। ठाकरे ने नवी मुम्बई में बृहस्पतिवार को एक प्रयोगशाला और छह कोविड देखभाल केन्द्रों के उद्घाटन के दौरान यह बात कही।

उनकी ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘ आने वाले दिनों में कोविड-19 के मामले बढ़ने की विश्व स्वास्थ्य संगठन की चेतावनी के मद्देनजर राज्य सरकार ने अस्पतालों को 80 प्रतिशत और उद्योगों को 20 प्रतिशत ऑक्सीजन सिलेंडर देने का फैसला किया है।’’ उन्होंने साथ ही कहा कि राज्य सरकार वैश्विक महामारी से निपटने के लिए बड़ी संख्या में स्वास्थ्य केन्द्रों की स्थापना कर रही है। ठाकरे ने लोगों से मास्क लगाने, सामाजिक दूरी बनाने, हाथ धोने जैसे एहतियाती नियमों का सख्ती से पालन करने की भी अपील की।