बिहार विधानसभा चुनाव: पहले चरण में 28 को होगा मतदान


भाजपा ने इस बार गठबंधन दलों के साथ टिकट बंटवारे में दरियादिली दिखाई। जीतन राम माझी की पार्टी हम व सहनी के दल वीआईपी को साथ लेकर नीतीश के जनाधार को साधने की कोशिश की।


अमरनाथ झा
बिहार चुनाव 2020 Updated On :

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण में 71 सीटों पर 28 अक्टूबर को मतदान होगा। इन क्षेत्रों में चुनाव-प्रचार आज शाम थम जाएगा। इस चरण में आठ मंत्रियों समेत कई दिग्गजों की अग्निपरीक्षा होनी है।

गया से कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार, जहानाबाद से शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, जमालपुर से ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार, दिनारा से विज्ञान व प्रावैद्यिकी मंत्री जय कुमार सिंह, राजपुर से परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला, बांका से राजस्व मंत्री राम नारायण मंडल, लखीसराय से श्रम मंत्री विजय कुमार सिन्हा, चैनपुर से कल्याण मंत्री बृजकिशोर सिंह मैदान में हैं।

ठीक एक दिन पहले लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने ट्वीट कर कहा कि जिन सीटों पर लोजपा के उम्मीदवार नहीं है, वहां भाजपा को वोट करें। उनके इस बयान के पीछे भाजपा की राजनीति को समझना जरूरी है। भाजपा के लिए बिहार हमेशा चुनौती भरा रहा है। अपने बलबूते बिहार में सरकार बनाने का उसका सपना लंबे समय से बना हुआ है।

अभी तक वह सरकार बनाने में नीतीश कुमार को सहयोगी बनाती रही है। इस बीच भाजपा व नीतीश कुमार के बीच राजनीतिक दांव पेंच का खेल भी कई बार देखने को मिला है। इस खेल में जीत हर बार नीतीश कुमार को मिली है। भाजपा इस स्थिति को बदलने के लिए आतुर दिख रही है।

भाजपा ने इस बार गठबंधन दलों के साथ टिकट बंटवारे में दरियादिली दिखाई। जीतन राम माझी की पार्टी हम व सहनी के दल वीआईपी को साथ लेकर नीतीश के जनाधार को साधने की कोशिश की। उधर लोजपा को लेकर भाजपा नेतृत्व की नरमी शुरू से ही दिखती रही है।

भाजपा की कोशिश है कि नीतीश के पास सीटों की संख्या कम हो जिससे मुख्यमंत्री पद पर उनकी दावेदारी कमजोर पड़ जाए। राजग के सीटों की घोषणा के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र फडनवीस व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि गठबंधन से बाहर के दल अगर चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम व फोटो का प्रयोग करते हैं तो चुनाव आयोग से शिकायत की जाएगी। इशारा लोजपा प्रमुख चिराग पासवान की ओर था।

दूसरी तरफ लोजपा प्रमुख ने कहा कि केंद्र में हम गठबंधन का हिस्सा हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे दिल में हैं। इसको लेकर बना भ्रम नरेंद्र मोदी की रैली से ही दूर हो गया। प्रथम चरण के दौरे के दौरान चुनावी सभा में नरेंद्र मोदी ने मंच से केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान को श्रद्धांजलि दी, पर एनडीए के साथ लोजपा के रिश्ते पर खामोश दिखे। यह सारे तथ्य भाजपा का लोजपा के प्रति प्रेम बरकरार रहने को स्पष्ट करता है। इसी क्रम में चिराग पासवान ने जहां लोजपा के उम्मीदवार नहीं हैं, वहां भाजपा को वोट करने की अपील की है।

वैसे भाजपा के लिए कहने को भले ही मुख्यमंत्री का चेहरा नीतीश कुमार हैं लेकिन उसके विज्ञापनों से नीतीश की तस्वीर गायब हो गई है। दरअसल भाजपा मोदी के चेहरे पर ही अब चुनावी वैतरणी पार करना चाहती है। इस तरह साफ है कि नीतीश कुमार चौतरफा घिर गए हैं। उन्हें विपक्ष के हमलों के साथ-साथ अपनों के दांवपेंच का सामना भी करना पड़ रहा है। पहले चरण के मतदान के पहले यही स्थिति है।