बिहार विधानसभा चुनाव : शुरुआत में मतदान की गति कम पर धीरे-धीरे हुई बढ़ोतरी


मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि कोरोना-काल में हुए चुनाव में मतदान प्रतिशत का बढ़ना उत्साहवर्धक है। शुरुआत में मतदान की गति काफी कम थी, पर धीरे-धीरे इसमें बढ़ोतरी हुई।


अमरनाथ झा
बिहार चुनाव 2020 Updated On :

पटना। बिहार विधानसभा के चुनावों में पहले चरण के मतदान में 53.54 प्रतिशत मतदान होने के समाचार हैं। मतदान का यह प्रतिशत पिछले चुनाव से कहीं अधिक है। पिछले विधानसभा चुनाव 2015 में 54.94 प्रतिशत मतदान हुआ था तो लोकसभा चुनाव 2019 में 53.54 प्रतिशत मतदाता वोट डालने आए थे। यह आंकड़ा शाम छह बजे तक का है। मतदान अभी जारी है।

इसलिए मतदान का आखिरी आंकड़ा बढ़ सकता है। कोराना-काल में यह पहला चुनाव हो रहा है। हालांकि मतदान मोटे तौर पर शांतिपूर्ण रहा। कोई बड़ी अशांति की घटना नहीं हुई। दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अलग-अलग क्षेत्रों में सभाएं की। पहली बार मतदान शाम पांच बजे के बजाए छह बजे तक हुआ।

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि कोरोना-काल में हुए चुनाव में मतदान प्रतिशत का बढ़ना उत्साहवर्धक है। शुरुआत में मतदान की गति काफी कम थी, पर धीरे-धीरे इसमें बढ़ोतरी हुई।

भाजपा ने आरोप लगाया कि मतदान के दिन ट्वीट करके मतदातों को महागठबंधन के पक्ष में वोट करने की अपील करके राहुल गांधी ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उधर चुनाव आयोग ने बिहार के कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार  पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। वे भाजपा के प्रतीक-चिन्ह वाला मास्क पहनकर मतदान करने पहुंचे थे।