दिल्ली के मालवीय नगर में मणिपुर की युवती से बदसलूकी और हमला, बेल्ट से पीटा! 4 नाबालिग डिटेन

देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं और युवतियों के साथ आए दिन बदतमीजी के मामले सामने आते रहते हैं। ताजा वाक्या दिल्ली के मालवीय नगर इलाके का है, जहां मणिपुर की एक युवती के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है। सभी आरोपी 15–16 साल की उम्र के बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक 9 मार्च को सतपुरा पार्क में झगड़े की सूचना PCR कॉल के जरिए दिल्ली पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना मालवीय नगर के SHO और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां उन्हें घायल युवती मिली, जो भाटी माइंस इलाके की रहने वाली है।

युवती ने दिल्ली पुलिस को बताया कि वह पार्क में अपने एक दोस्त से मिलने आई थी। इसी दौरान पार्क में मौजूद कुछ लड़के उस पर आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां करने लगे। जब युवती ने इसका विरोध किया तो लड़के गुस्से में आ गए और उससे झगड़ा करने लगे। आरोप है कि इसके बाद लड़कों ने युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने कमर में पहनी बेल्ट निकालकर उससे हमला कर दिया।

इस हमले में युवती के चेहरे और दाहिने कान के पास हल्की चोटें आईं। घायल युवती को तुरंत मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच में कान के पीछे हल्की चोट और ठुड्डी पर सूजन पाई। एहतियात के तौर पर युवती को आगे की जांच के लिए सफदरजंग अस्पताल भी भेजा गया, जहां उसका पूरा मेडिकल चेकअप किया गया और इलाज दिया गया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक पीड़िता के बयान के आधार पर थाना मालवीय नगर में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल टीम बनाई गई। पुलिस ने स्थानीय सूचना और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इलाके में कई जगह छापेमारी की। जांच के दौरान चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया। सभी आरोपी नाबालिग हैं और मालवीय नगर इलाके के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बेल्ट भी बरामद कर ली है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

First Published on: March 10, 2026 9:49 AM
Exit mobile version