गाजीपुर में ठेकेदार की गोली मारकर हत्या

गाजीपुर। सरकार लाख दावे करती रहे लेकिन उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रदेश के गाजीपुर जिले में बदमाशों ने एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। मरदह थाना क्षेत्र के बोगना गांव में ‘श्रमिक ठेकेदार’ अनिल सिंह के आलावा राजकुमार सिंह और एक राहगीर को भी गोली लगी है।

पुलिस के अनुसार, बोगना गांव के अनिल सिंह मुम्बई में श्रमिकों की आपूर्ति करने वाले ठेकेदार के रूप में काम करते थे। वह इन दिनों अपने गांव आये हुये थे। वह सोमवार देर शाम घर के बाहर बैठकर चाय पी रहे थे। उसी दौरान बाइक पर आए हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी की।

पुलिस ने बताया कि उनका भतीजा गोलियों की आवाज सुनकर घर से बाहर आया और उसे भी गोली लग गयी। इस दौरान उधर से गुजर रहे हरिकेश राम भी गोली लगने से घायल हो गये।

अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार झा ने बताया कि दो नामजद व दो अज्ञात हत्यारों की तलाश जारी है और उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इस घटना की जांच शुरू कर दी गयी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है ।

 

 

First Published on: October 20, 2020 4:37 PM
Exit mobile version