जालौन में पेड़ से लटका मिला अपराधी का शव

जालौन (उप्र)। जालौन जिले में रविवार को महेवा-पिपरोधा मार्ग पर खेत में एक अपराधी का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस के अनुसार व्यक्ति ने आत्महत्या की है। उस पर अपराध के कई मामले दर्ज थे।

कालपी क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) आर.पी. सिंह ने सोमवार को बताया, ‘‘चुर्खी थाना क्षेत्र के औंता गांव निवासी मंटाई दर्जी (50) का शव रविवार को महेवा-पिपरोधा मार्ग पर खेत में एक पेड़ से फंदे से लटका मिला। उसके खिलाफ रामपुरा, कुठौंद और चुर्खी थाना में कई मामले दर्ज हैं। साथ ही यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में भी वह वांछित था।’’

उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

चुर्खी थाना के प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा ने बताया कि पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामले में पुलिस मंटाई दर्जी की तलाश कर रही थी।

First Published on: January 18, 2021 1:51 PM
Exit mobile version