छेड़खानी का विरोध करने पर पिता की हत्या, भाई गंभीर

इस मामले में बुराड़ी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित बकुल और उसके चाचा दीपक को गिरफ्तार कर लिया है।

नयी दिल्ली। दिल्ली के उत्तरी जिले के बुराड़ी इलाके में कुछ लोगों ने छेड़खानी का विरोध करने पर एक महिला के पिता और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता और पुत्र को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान पिता ने दम तोड़ दिया। इस मामले में बुराड़ी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित बकुल और उसके चाचा दीपक को गिरफ्तार कर लिया है।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि विवाद कुत्ता बाहर छोड़ने को लेकर शुरू हुआ था। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक कुलदीप कात्याल परिवार के साथ संत नगर में रहते थे। उनकी संत नगर में ही मोबाइल मरम्मत की दुकान है। उनके घर से कुछ दूरी पर ही दूसरी गली में बेटी माला पति अशोक और बच्चों के साथ रह रही हैं। माला का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला बकुल अक्सर उन पर फब्तियां कसता रहता था।

पुलिस को दी गयी शिकायत में महिला काआरोप है कि जन्माष्टमी पर बुधवार की रात करीब 11.30 बजे वह मंदिर से लौटी थीं। उसी समय गेट पर बंधा उनका कुत्ता भौंकने लगा। इसी बीच शराब के नशे में धुत बकुल वहां पहुंचा और उसने अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। उन्होंने जब इसका विरोध किया तो वह मारपीट करने पर उतारू हो गया। झगड़ा होता देख माला के बेटे गगन ने घर में मौजूद अपने पिता अशोक को बुला लिया। इसी बीच बकुल का चाचा दीपक भी वहां पहुंच गया और दोनों अशोक को पीटने लगे।

First Published on: August 14, 2020 12:45 PM
Exit mobile version