बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर नाबालिग भाई को चाकू से गोदा, हालत गंभीर

नई दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी इलाके में बहन का पीछा करने और छेड़खानी का विरोध करने पर तीन लड़कों ने उसके नाबालिग भाई की पिटाई की और चाकू से गोद दिया। इस दौरान वहां काफी संख्या में लोग खड़े थे लेकिन किसी ने उन लड़कों को रोकने की कोशिश नहीं की। पुलिस ने शनिवार को बताया कि घटना शुक्रवार को सर्वोदय कन्या विद्यालय के नजदीक हुई, घायल लड़का कालकाजी का रहने वाला है एवं उसे एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की बहन ने अपने बयान में कहा कि वह अपने 17 साल के भाई के साथ आ रही थी तभी तीन लड़कों ने उनका पीछा किया और आपत्तिजनक टिप्पणी की। लड़की के अनुसार, जब उसके भाई ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उसकी पिटाई की और एक लड़के ने उसके पेट में चाकू मार दिया। इसके बाद वे फरार हो गए।

डीसीपी (साउथ वेस्ट दिल्ली) आरपी मीणा ने बताया, विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किया जा रहे हैं। सभी आरोपी लड़के गोविंदपुरी में गिरी नगर स्थित जेजे कैम्प के रहने वाले हैं।

First Published on: February 27, 2021 3:05 PM
Exit mobile version