ग्रेटर नोएडा में गर्ल्स हॉस्टल से कूदकर महिला ने की आत्महत्या, 8 महीने पहले हुई थी लव मैरिज

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में स्थित जीएल बजाज कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर शनिवार को एक महिला ने आत्महत्या कर ली। अभी तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती ने करीब आठ माह पहले ही लव मैरिज की थी। एक व्हाट्सएप चैट को लेकर पति-पत्नी के बीच बीते तीन दिनों से विवाद चल रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जेवर की रहने वाली 19 वर्षीय पारुल चौधरी जीएल बजाज कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में सिक्यूरिटी गार्ड की नौकरी करती थी। शनिवार सुबह पारूल चौधरी ने कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल की छत से छलांग लगा दी। हॉस्टल की बिल्डिंग से नीचे गिरते ही मौके पर हड़कंप मच गया।

आनन-फानन में आस-पास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अधिकारियों के अलावा फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए है।

नॉलेज पार्क पुलिस ने बताया कि आठ माह पहले पारुल ने मेरठ के बाफर गांव निवासी सौरभ चौधरी से लव मैरिज की थी। सौरभ चौधरी ग्रेटर नोएडा में ऑटो चलाता है। शादी के बाद दोनों किराए पर कमरा लेकर सूरजपुर में रहने लगे। शादी के बाद दोनों के बीच सबकुछ नॉर्मल चल रहा था।

बताया गया कि शुक्रवार रात पारुल ने किसी से फोन पर बात की। उसके बाद व्हाट्सएप पर चैट करने लगी। सौरभ चौधरी ने उसकी व्हाट्सएप चैट की तो दोनों के बीच विवाद हो गया। अब वह सुबह के समय हॉस्टल पहुंची। जिसके बाद वह जीएल बजाज कॉलेज के हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर पहुंच गई और कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

First Published on: June 14, 2026 11:04 AM
Exit mobile version