अगले साल तक 5G का पूरा लाभ उठाने की स्थिति में होगा भारत : सुनील मित्तल

नई दिल्ली। भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील मित्तल ने कहा है कि भारत आगामी वर्षों में 5जी मानदंड और पारिस्थितिकी तंत्र में वैश्विक निवेश का पूरा लाभ उठाने की स्थिति में होगा।

मित्तल ने मंगलवार को इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी)-2020 को संबोधित करते हुए कहा कि उपकरणों के दाम नीचे आ रहे हैं और ये आसानी से उपलब्ध हैं, जिसकी वजह से भारत 5जी का पूरा लाभ उठा पाएगा।

मित्तल ने कहा कि अंतरिक्ष संचार का अगला मोर्चा होगा। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष उद्योग में भारत की अग्रणी स्थिति तथा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के निजी क्षेत्र को जोड़ने के आह्वान से यह सुनिश्चित होगा कि भारत अंतरिक्ष संचार उद्योग में लाभ की स्थिति में होगा।

इस साल इंडिया मोबाइल कांग्रेस का आयोजन वर्चुअल तरीके से किया गया है। मित्तल ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से विभिन्न उत्पादों और सेवाओं की डिजिटल स्वीकार्यता बढ़ी है। महामारी की वजह से देश में डिजिटलीकरण की रफ्तार तेज हुई है।

कहा, अब जबकि दुनिया 5G के लिए तैयार हो रही है, उपकरणों के दाम नीचे आने लगे हैं। अब उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। मित्तल ने कहा कि वह भारती एंटरप्राइजेज के अंतरिक्ष क्षेत्र में प्रवेश को लेकर काफी उत्साहित हैं। यह संचार का अगला र्मोचा होगा।

First Published on: December 8, 2020 2:55 PM
Exit mobile version