
सहारनपुर। कांग्रेस की राष्टीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को जिले के चिलकाना में आयोजित किसान महापंचायत को सम्बोधित करेगी। महापंचायत में शामिल होने से पहले प्रियंका गांधी वाद्रा सहारनपुर जिले की सिद्धपीठ मां शाकुम्भरी देवी के दर्शन करेंगी।
कांग्रेस विधायक मसूद अख्तर ने बताया कि प्रियंका गांधी वाद्रा जौलीग्रांट हवाई अड्डे से सड़क मार्ग द्वारा सुन्दरपुर बिहारीगढ़ से जसमोर होते हुए सबसे पहले मां शाकुम्भरी देवी के दर्शन करेंगी और वहां से मिर्जापुर थाना क्षेत्र के रायपुर स्थित खानकाह रहीमी मदरसा के पूर्व मुतवल्ली स्वर्गीय अब्दूल कय्यूम के परिजनो से मुलाकात करेंगी।
प्रियंका गाँधी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दीं-
किसानों के दिल की बात सुनने, समझने, उनसे अपनी भावनाएँ बाँटने, उनके संघर्ष का साथ देने आज सहारनपुर में रहूँगी।
भाजपा सरकार को काले कृषि कानून वापस लेने होंगे। #JaiJawan_JaiKisan
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) February 10, 2021
उन्होंने बताया कि इसके बाद प्रियंका गांधी चिलकाना स्थित जे जे इण्टर कालेज में आयोजित किसानों की महापंचायत को संबोधित करेंगी। अख्तर ने बताया कि महापंचायत के बाद प्रियंका गांधी सहारनपुर के बेहट रोड जाकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिवंगत काजी रशीद मसूद के परिजनो से मिलकर शोक सवेंदना व्यक्त करेंगी।
सहारनपुर के चिलकाना में होने वाली किसान पंचायत में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। वहीं प्रशासन ने जिले में धारा-144 लगा दी है। कांग्रेस नेता गांव-गांव जाकर लोगों को पंचायत में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं। पूर्व विधायक इमरान मसूद ने बताया कि बुधवार दोपहर दो बजे महासचिव प्रियंका गांधी किसान पंचायत में पहुंचेंगी। मंच तैयार है और कार्यक्रम स्थल पर लगभग 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इतने ही लोगों के खड़ा होने की व्यवस्था है। पैठ बाजार और पशु मंडी स्थल में वाहन पार्किंग रहेगी। कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था को संभालने के लिए वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मसूद के परिजनों से मिलने के बाद शारदानगर स्थित शहीद निशांत शर्मा के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगी। अख्तर ने बताया कि प्रियंका गांधी वाद्रा के सहारनपुर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओ में विशेष उत्साह है।
सुरक्षा के लिए की पुलिस बल की तैनाती
कांग्रेस की किसान पंचायत के दौरान शांति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर छह एसएचओ, 10 सब इंस्पेक्टर, 40 कांस्टेबल, एक प्लाटून पीएसी, एक व्रज वाहन, 10 महिला कांस्टेबल, पांच ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल के अलावा थाना चिलकाना की पुलिस भी शामिल रहेगी।