मुर्शिदाबाद में रोक के बाद बदला भाजपा के ‘परिवर्तन यात्रा’ का मार्ग

भाषा भाषा
बंगाल चुनाव-2021 Updated On :

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों से रथ को गुजरने से रोकने के बाद भाजपा को अपनी परिवर्तन यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ा। जिला भाजपा अध्यक्ष गौरीशंकर घोष ने दावा किया कि पार्टी ने प्रशासन को पहले ही सूचित किया था कि उक्त मार्ग से यात्रा निकाली जाएगी।

उन्होंने कहा कि पहले सूचना दी गई लेकिन तब ‘कोई आपत्ति नहीं दर्ज कराई गई थी।’ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने छह फरवरी को नदिया जिले के नवद्वीप से परिवर्तन यात्रा को रवाना किया था। इसके तहत नाकाशिपाड़ा से होते हुए सात फरवरी को यात्रा मुर्शिदाबाद पहुंची।

यात्रा के तहत पार्टी के सदस्यों ने आम लोगों से संवाद किया और प्रचार सामग्री बांट कर केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के बारे में उन्हें जानकारी दी। यात्रा के लिए एसी वैन को रथ का रूप दिया गया है और इसपर भाजपा नेताओं की तस्वीरें भी बनायी गयी हैं।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘रथ बहरामपुर जा रहा था और उसे हरिहरपुर होते हुए एक खास रास्ते पर न जाने को कहा गया क्योंकि वहां कुछ संवेदनशील इलाके हैं। रथ को बेलडांगा पर रोक दिया गया क्योंकि यह भारत सेवाश्रम संघ से गुजर रहा था।’’

घोष ने कहा कि प्रशासन की ओर से ऐसा कोई अनुरोध नहीं किया गया था। प्रदेश भाजपा नेता कल्याण चौबे ने कहा, ‘‘हमने यात्रा का मार्ग तय करने से पहले पुलिस से चर्चा की थी। जब हमें बेलडांगा पर रोक दिया गया तो आश्चर्य हुआ। हम तीन घंटे सड़क पर बैठे रहे।’’

उन्होंने कहा, बाद में पुलिस के सुझाव पर हमने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 का रास्ता पकड़ा क्योंकि हम किसी अप्रिय घटना को नहीं होने देना चाहते थे। अगले दो दिनों में पश्चिम बंगाल में यात्रा पर भाजपा के चार और रथ निकलेंगे, जिसे पार्टी के शीर्ष नेताओं द्वारा रवाना किए जाने की संभावना है।