नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी ममता, 4 सीट पर प्रत्याशी उतारेगा गोरखा जनमुक्ति मोर्चा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम विधान सभा सीट से चुनाव लडेंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया, मैं भवानीपुर सीट को सोभनदेब चट्टोपाध्याय के लिए छोड़ रही हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह केवल नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा, मैं 9 मार्च को नंदीग्राम जा रही हूं और 10 मार्च को हल्दिया में नामांकन दाखिल करूंगी।

पश्चिम बंगाल में होने वाले विधान सभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस ने 291 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में अपने कालीघाट आवास से 291 उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी की ओर से तीन सीटें अपनी सहयोगी गोरखा जनमुक्ति मोर्चा को दी गई हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करते हुए बताया कि राज्य की 294 विधान सभा सीटों में से तृणमूल कांग्रेस 291 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि तीन सीटें अपनी सहयोगी गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। ममता बनर्जी ने बताया कि टीएमसी ने दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कुरसेओंग सीट गोरखा जनमुक्ति मोर्चा को दिया है।

यहां आपको बता दें कि इस चुनाव में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और महाराष्ट्र के मुख्य मंत्री उद्धव ठाकरे के अलावा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी का समर्थन किया है।

First Published on: March 5, 2021 4:02 PM
Exit mobile version