बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन, अमिताभ बच्चन ने दी जानकारी


बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया है। इस बात की जानकारी खुद अमिताभ बच्चन ने एक ट्वीट करके दी है। ऋषि कपूर को बुधवार मुंबई के एनएच. रिलायंस हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। उनकी पत्नी नीतू सिंह उनके साथ अस्पताल में मौजूद थीं।



बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया है। इस बात की जानकारी खुद अमिताभ बच्चन ने एक ट्वीट करके दी है। ऋषि कपूर को बुधवार मुंबई के एनएच. रिलायंस हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। उनकी पत्नी नीतू सिंह उनके साथ अस्पताल में मौजूद थीं। 
बीती रात ऋषि कपूर के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी उनके बड़े भाई रणधीर कपूर ने दी। रणधीर ने कहा था कि वह अस्पताल में हैं। वह कैंसर से पीड़ित हैं और उन्हें सांस लेने में समस्या हो रही है, इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.उनकी हालत अब स्थिर है।
ऋषि कपूर पिछले साल सितंबर में अमेरिका से भारत लौटे थे। वहां करीब एक साल तक उनका कैंसर का इलाज चला। वर्ष 2018 में खबर आई थी कि वो कैंसर से पीड़ित हैं, जिसके बाद करीब एक साल तक वो न्यूयॉर्क में ही रहे और उनका इलाज चला। नीतू सिंह मुश्किल घड़ी में ऋषि कपूर के साथ खड़ी रहीं हैं। ऋषि कपूर जब न्यूयॉर्क में इलाज के लिए थे तो नीतू सिंह उनके साथ ही रहीं।

महाराष्ट्र सरकार ने स्पेशल पास जारी किया था

पिछले गुरुवार से उनकी सेहत खराब बताई गई है इसलिए महाराष्ट्र सरकार ने अस्पताल जाने के लिए उन्हें स्पेशल पास भी जारी किया था। उन्हें भर्ती कराया गया, लेकिन चार घंटे बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था। उनकी मेडिकल रिपोर्ट बीएमसी और हेल्थ डिपार्टमेंट को भी भेजी गईं थीं।
2018 में हुआ था कैंसर

2018 में ऋषि कपूर को कैंसर हुआ था। इलाज के लिए वो अमेरिका गए थे। वहां 11 महीने रहने के बाद पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे। अमेरिका में पूरे वक्त उनके साथ पत्नी नीतू ही थीं। बेटा रणबीर कपूर कई बार उनसे मिलने न्यूयॉर्क गए थे। कुछ दिनों पहले ऋषि ने एक इंटरव्यू में कहा था, “अब मैं बहुत बेहतर महसूस कर रहा हूं। और कोई भी काम कर सकता हूं। सोच रहा हूं कि एक्टिंग दोबारा कब शुरू करूं। पता नहीं लोगों को अब मेरा काम पसंद आएगा भी या नहीं। न्यूयॉर्क में मुझे कई बार खून चढ़ाया गया था। तब मैंने नीतू से कहा था- उम्मीद करता हूं कि नए खून के बावजूद मैं एक्टिंग नहीं भूलूंगा।” चाहने वाले न्यूयॉर्क पहुंचे थे. 

पूरा बॉलीवुड साथ खड़ा था 

ऋषि जब न्यूयॉर्क में इलाज करा रहे थे तो उनके दोस्त और चाहने वाले वहां लगातार उनकी सेहत का हाल जानने जाते रहे। इनमें प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट, अनुपम खेर, आमिर खान, शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, करण जौहर और मलाइका अरोरा शामिल थे। ऋषि आखिरी बार इमरान हाशमी के साथ पर्दे पर नजर आए।

फरवरी 2020 में दो बार अस्पताल में भर्ती हुए थे ऋषि

ऋषि कपूर फरवरी में दो बार अस्पताल में भर्ती हुए थे। एक बार जब वे दिल्ली में एक पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लेने  गए थे तो उन्हें वहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय खुद ऋषि ने कहा था कि वह “संक्रमण” से पीड़ित थे। मुंबई लौटने के बाद, उन्हें फिर से वायरल बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी तबियत जल्दी सुधर जाने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

सोशल मीडिया से बना ली थी दूरी 
 
सोशल मीडिया पर लॉजिकल और अग्रेसिव कमेंट्स के लिए मशहूर ऋषि ने 2 अप्रैल के बाद ट्विटर अकाउंट पर कुछ भी पोस्ट नहीं किया। उन्होंने बीते दिनों दीपिका पादुकोण के साथ हॉलीवुड फिल्म “द इंटर्न” के रीमेक में काम करने की घोषणा भी की थी।