नई दिल्ली। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के दिवाली विशेष एपिसोड में बचपन की एक मजेदार याद साझा की। उनका किस्सा सुनकर अभिनेता रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे हंसते-हंसते लोटपोट हो गए।
दरअसल, रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे अपनी आगामी फिल्म ‘रामायण’ के प्रचार के लिए केबीसी के विशेष दिवाली एपिसोड में पहुंचे थे। इस दौरान रणबीर ने अमिताभ बच्चन से उनके बचपन की दिवाली और त्योहार मनाने के तरीके के बारे में पूछा।
इसके जवाब में अमिताभ बच्चन ने बताया कि बचपन में दिवाली पर बच्चों के बीच पटाखे फोड़ने को लेकर एक अलग ही होड़ रहती थी। हर बच्चा चाहता था कि उसके घर के पटाखे पड़ोसियों के पटाखों से ज्यादा तेज आवाज करें।
अमिताभ बच्चन ने मजाकिया अंदाज में कहा, “सर, दिवाली की केवल यही याद रहती थी कि अगर बगल वाले के यहां बम फटा है, तो हमारा बम उससे ज्यादा तेज होना चाहिए।”
उनकी यह बात सुनकर सेट पर मौजूद सभी कलाकार हंस पड़े। बचपन में दिवाली को लेकर बच्चों के उत्साह और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ का यह किस्सा कार्यक्रम का खास आकर्षण बन गया।
‘रामायण’ के प्रचार के लिए पहुंचे सितारे
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस दो भागों वाली फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है।
फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज करने की योजना है।
वहीं, ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का दिवाली विशेष एपिसोड 29 और 30 अक्टूबर को रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा।
