‘मैं खून, मांसपेशियों और हड्डियों से बनी इंसान हूं’, प्लास्टिक सर्जरी की अटकलों पर जैस्मिन भसीन ने ट्रोलर्स को दिया जवाब

मुंबई: टीवी और फिल्म अभिनेत्री जैस्मिन भसीन ने अपनी तस्वीरों को लेकर प्लास्टिक सर्जरी, बोटॉक्स और फिलर्स की अटकलें लगाने वाले ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। कोलकाता में एक शादी समारोह की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके चेहरे में बदलाव को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। इस पर अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी।

चेहरे में बदलाव को लेकर दी सफाई

जैस्मिन ने तंज भरे अंदाज में कहा कि जब भी उनका चेहरा थोड़ा अलग दिखाई देता है, लोग मान लेते हैं कि उन्होंने कोई नई प्लास्टिक सर्जरी करवाई है। उन्होंने बताया कि यात्रा, नींद की कमी, थकान, अलग-अलग मेकअप आर्टिस्ट और साइनस में सूजन जैसी कई वजहों से चेहरे का लुक बदल सकता है।

अभिनेत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग शुरू की है और उनके वजन में भी कुछ बदलाव आया है। ऐसे में हर दिन उनका चेहरा एक जैसा दिखाई देना जरूरी नहीं है।

‘मेरा चेहरा कोई इंस्टाग्राम फिल्टर नहीं है’

जैस्मिन ने कहा कि उनका चेहरा कोई स्थायी इंस्टाग्राम फिल्टर नहीं है। कुछ दिन चेहरा अलग दिखता है, कुछ दिन सूजा हुआ या थका हुआ नजर आता है। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को हर तस्वीर में किसी के परफेक्ट दिखने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।

प्लास्टिक सर्जरी की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेत्री ने कहा कि इसके लिए भी समय चाहिए, जो उनके पास हमेशा नहीं होता। उन्होंने कहा, “मैं सचमुच खून, मांसपेशियों और हड्डियों से बनी हूं। मुझे अलग-अलग दिनों में अलग दिखने का अधिकार है।”

‘मैं अपने चेहरे और शरीर से प्यार करती हूं’

अभिनेत्री ने आगे कहा कि वह अपने चेहरे, शरीर और खुद से प्यार करती हैं। खुश रहने के लिए उन्हें हर दिन परफेक्ट दिखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें एक इंसान की तरह स्वीकार करें और उनके रूप-रंग को लेकर लगातार अटकलें लगाना बंद करें।

पंजाबी फिल्म ‘जुदा’ में आई थीं नजर

काम की बात करें तो जैस्मिन भसीन हाल ही में पंजाबी फिल्म ‘जुदा’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में उन्होंने गायक और अभिनेता गुलाब सिद्धू के साथ काम किया है। इसके अलावा वह रोहित शेट्टी के स्टंट आधारित रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में तीसरी बार वापसी कर चुकी हैं।

First Published on: November 25, 2026 10:14 AM
Exit mobile version