‘बचपन का प्यार’ सॉन्ग रिलीज, बादशाह संग सहदेव का स्वैग हो रहा वायरल

बॉलीवुड के मशहूर रैपर बादशाह ने सहदेव के साथ कोलैबोरेशन करते हुए इस गाने को अपने स्टाइल में रीक्रिएट किया है।

मुंबई। छत्तीसगढ़ के सहदेव दिरदो का गाया हुआ गाना “बचपन का प्यार” सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलैरटी बटोर रहा है। जिस पर बड़े से लेकर बच्चे तक थिरकते नजर आ रहे हैं।

वहीं मौके पर चौका लगाते हुए बॉलीवुड के मशहूर रैपर बादशाह ने सहदेव के साथ कोलैबोरेशन करते हुए इस गाने को अपने स्टाइल में रीक्रिएट किया है। अब यह म्यूजिक वीडियो सोशल मीडिया पर रिलीज हो चुका है। जिसमें बादशाह के साथ सहदेव का रैप किसी रॉकस्टार से कम नहीं लग रहा है।

बादशाह ने गाने के रिलीज होने की जानकारी देते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया कि, ‘पूरा गाना बनकर आ गया है। देखो और बताओ कैसा लगा ?’

खबरों के मुताबिक साल 2019 में सहदेव ने यह गाना अपने स्कूल की कक्षा में गाया था। जिसका वीडियो उसके ही शिक्षक ने बनाया था, लेकिन किसे पता था कि दो साल बाद सहदेव का गाया हुआ यह गाना लोगों की जबान पर इस कदर चढ़कर बोलेगा और उसे इतनी आसानी से बॉलीवुड का टिकट मिल जाएगा।

इस म्यूजिक वीडियो की बात करें तो इसका निर्देशन ‘बीटूगेदर प्रोस’ ने किया है, जिसमें सहदेव, बादशाह, गायिका आस्था गिल और संगीतकार रीको ने काम किया है। वहीं इस गाने के बोल बादशाह ने लिखे हैं।

इसी के साथ ही गाने के रीलीज होने पर बादशाह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, यूनिवर्सल म्यूजिक के लिए वह “बचपन का प्यार” का नया संस्करण पेश कर बेहद उत्साहित हैं। बादशाह ने बताया कि इस गाने ने सोशल मीडिया की ताकत के जश्न को मनाने का मौका दिया है।

इंटरनेट सेंसेशन सहदेव की बात करें तो वह छत्तीसगढ़ के सुकमा का रहने वाला है, जिसने “बचपन का प्यार” गाना गाकर सिर्फ 10 साल की उम्र में सोशल मीडिया के जरिए खूब प्रसिद्धि बटोरी है।

First Published on: August 11, 2021 5:47 PM
Exit mobile version