बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस फरीदा जलाल आज अपना 77वां जन्मदिन मना रही हैं। फरीदा जलाल अपनी फिल्मों में सपोर्टिंग रोल के लिए जानी जाती हैं और आज भी अपनी मेहनत और अभिनय से दर्शकों के दिलों में बसी हुई हैं। उन्हें फिल्मों में कभी लीड एक्ट्रेस बनने का मौका नहीं मिला, लेकिन उन्होंने अपने हर किरदार से खुद की पहचान बनाई है। हालांकि एक्टिंग के अलावा फरीदा को बचपन से ही डांस का भी शौक था।
फरीदा जलाल ने अपने करियर की शुरुआत फिल्मफेयर के यूनाइटेड प्रोड्यूसर्स टैलेंट हंट से की थी, जहां 12 कैमरों के सामने स्क्रिप्ट पढ़ना उनके लिए नया और चैलेंज से भरा हुआ था। इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी काबिलियत साबित करके फाइनल में जगह बना ली थी। इसके बाद ही उन्हें उनकी पहली फिल्म ‘तकदीर’ मिली।
फरीदा ने बताया कि फिल्मों में आने से पहले उनका असली सरनेम शमी था, लेकिन निर्माता का मानना था कि ‘शमी’ उनके पर्सनैलिटी के साथ फिट नहीं बैठ रहा है इसलिए उन्होंने अपना सरनेम जलाल कर लिया। फरीदा ने अपने करियर में 200 से अधिक फिल्मों में काम किया, जिसमें उन्होंने बहन, मां, मंगेतर और दोस्त के किरदार निभाए। उनकी कॉमिक टाइमिंग और सादगी ने उन्हें दर्शकों का पसंदीदा बना दिया।
फरीदा का बचपन भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था। बचपन में ही उनके माता-पिता का तलाक हो गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें और उनके बड़े भाई को अच्छे स्कूलों में पढ़ाई करने का मौका मिला। स्कूल में फरीदा हमेशा फंक्शन्स में डांस में भाग लेती थी और इसी समय उनके अंदर एक्टिंग और डांस का जोश पैदा हुआ। भले ही फिल्मों में उनकी शुरुआत छोटी भूमिकाओं से हुई, लेकिन आज भी फरीदा जलाल फिल्मों में अपने काम को मेहनत और लगन के साथ करती हैं। हाल ही में उन्हें फिल्म ‘ओ रोमियो’ में देखा गया, जिसमें शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी लीड रोल में थे।
