पहली भारतीय ऑस्कर विजेता भानु अथैया का निधन, बॉलीवुड ने दी श्रद्धांजलि

मुंबई। फिल्म “गांधी” में बेहतरीन कार्य करने के लिए ऑस्कर विजेता भानु अथैया का 91 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया। उनके निधन पर फिल्म निर्माता बोनी कपूर, अभिनेत्री सिमी ग्रेवाल और डिजाइनर नीता लुल्ला सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने उनकी निधन पर शोक व्यक्त किया। अथैया का जन्म कोल्हापुर में हुआ था। उन्होंने गुरुदत्त की 1956 में आई फिल्म ‘सीआईडी’ से हिंदी सिनेमा में बतौर कॉस्ट्यूम डिजाइनर अपना करियर शुरू किया था।

अथैया को वर्ष 1983 में ऑस्कर पुरस्कार मिला था। उनका अंतिम संस्कार दक्षिण मुंबई के चंदनवाड़ी शवदाह गृह में किया गया। उनकी बेटी राधिका गुप्ता ने बताया कि सुबह उनका निधन हो गया। आठ साल पहले उनके मस्तिष्क में ट्यूमर होने का पता चला था। पिछले तीन साल से वह बिस्तर पर थीं क्योंकि उनके शरीर के एक हिस्से को लकवा मार गया था।

उनकी करीबी मित्र ग्रेवाल ने कहा कि अथैया को डिमेन्शिया की बीमारी थी और उन्हें अपनी फिल्म ‘गांधी’ के अलावा कोई फिल्म याद नहीं थी। ग्रेवाल ने कहा, उनसे बात करना बहुत मुश्किल था। मुझे यह देखकर बहुत दुख होता था कि क्या इन प्रतिभावान लोगों के साथ यह होता है? उनका जाना हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने पीछे एक पूरी विरासत छोड़ी है।

आमिर खान ने अथैया के साथ 2001 में आई फिल्म ‘लगान’ में काम किया था। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भानुजी फिल्मी जगत के ऐसे कुछ लोगों में से थीं जो सटीक शोध और सिनेमाई रूझान का बहुत खूबसूरत मेल करके निर्देशक की कल्पना को साकार कर देती थी। भानुजी आपकी कमी खलेगी।’’

रेणुका शहाणे ने अथैया को एक ‘‘शानदार तथा समर्पित कास्ट्यूम डिजाइनर’’ बताया। निर्माता बोनी कपूर ने कहा कि अथैया की उपलब्धि से देश गौरवान्वित हुआ है। ऑस्कर पुरस्कार विजेता साउंड डिजाइनर रसेल पोकुट्टी ने अथैया को ‘‘मार्गदर्शक’’ बताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘जब किसी ने ऑस्कर का नाम भी नहीं सुना था, तब आपने उसे हमारे लिए जीता। आप प्रेरणा हैं। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।’’

First Published on: October 16, 2020 12:30 PM
Exit mobile version