मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार का 98 साल की उम्र में निधन, राष्ट्रपति कोविंद और PM मोदी समेत अन्य राजनीतिक शख्सियतों ने दी श्रद्धांजलि


जाने-माने अभिनेता दिलीप कुमार का लंबी बीमारी के बाद बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके परिवार के सदस्यों और उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने यह जानकारी दी। 


शिवांगी गुप्ता शिवांगी गुप्ता
मनोरंजन Updated On :

मुंबई। जाने-माने अभिनेता दिलीप कुमार का लंबी बीमारी के बाद बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके परिवार के सदस्यों और उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने यह जानकारी दी।

कुमार 98 वर्ष के थे। हिंदी फिल्म जगत में ‘ट्रेजेडी किंग’ के नाम से मशहूर हुए दिलीप कुमार मंगलवार से हिंदुजा अस्पताल की गैर-कोविड गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती थे।

कुमार का इलाज कर रहे डॉ. जलील पारकर ने कहा, ‘‘लंबी बीमारी के कारण सुबह साढ़े सात बजे उनका निधन हो गया।’’

कुमार के पारिवारिक मित्र फैजल फारूकी ने अभिनेता के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ‘‘भारी मन और बेहद दु:ख के साथ, मैं यह घोषणा कर रहा हूं कि कुछ मिनट पहले हमारे प्यारे दिलीप साहब का निधन हो गया। हम अल्लाह के बंदे हैं और हमें उनके पास ही लौटकर जाना होता है।’’

अभिनेता को पिछले एक महीने में कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर बुधवार को शोक जताते हुए कहा कि वह भारत के हृदय में हमेशा रहेंगे।

कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘दिलीप कुमार उभरते भारत का इतिहास खुद में समेटे थे। अभिनेता के आकर्षण ने सभी सीमाओं को पार किया और पूरे उपमहाद्वीप में उन्हें प्यार मिला। उनके निधन से एक युग का अंत हो गया। दिलीप साहब भारत के दिल में हमेशा जिंदा रहेंगे। उनके परिवार और असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका जाना हमारे सांस्कृतिक जगत के लिए नुकसान है।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘दिलीप कुमार जी को सिनेमा जगत के दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। वह एक अद्वितीय प्रतिभा के धनी थे और इस वजह से सभी पीढ़ियों के दर्शकों के चहेते थे। उनका निधन हमारी सांस्कृतिक दुनिया के लिए नुकसान है। उनके परिवार, मित्रों और असंख्य चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मशहूर फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर बुधवार को दुख जताया और कहा कि भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।

गांधी ने ट्वीट किया, ” दिलीप कुमार जी के परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। भारतीय सिनेमा में उनके अद्भुत योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद करेंगी।” दिलीप कुमार का लंबी बीमारी के बाद बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके परिवार के सदस्यों और उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने यह जानकारी दी। दिलीप कुमार 98 वर्ष के थे।

हिंदी फिल्मों के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाने वाले दिलीप कुमार ने 1944 में ‘ज्वार भाटा’ फिल्म से अपने कॅरियर की शुरुआत की थी और अपने पांच दशक लंबे कॅरियर में ‘मुगल-ए-आजम’, ‘देवदास’, ‘नया दौर’ तथा ‘राम और श्याम’ जैसी अनेक हिट फिल्में दीं। वह आखिरी बार 1998 में आई फिल्म ‘किला’ में नजर आए थे।