मुंबई। फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-मानी स्टंट प्रोफेशनल और बॉडी डबल गीता टंडन ने अभिनेता अनिल कपूर के रियलिटी शो ‘इंडिया के टॉप 1परसेंट’ के सेट पर अपने साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके बेटे को शूटिंग के दौरान करीब नौ घंटे तक इंतजार कराया गया और प्रोडक्शन टीम की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उनके आरोपों के बाद अनिल कपूर, फराह खान और कई अन्य कलाकारों ने प्रतिक्रिया दी है।
गीता टंडन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर अपना अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि वह दो दशक से अधिक समय से फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में काम कर रही हैं। कई बड़ी अभिनेत्रियों की बॉडी डबल और स्टंट डायरेक्टर के रूप में उन्होंने अपनी पहचान बनाई है।
गीता के मुताबिक, शो की टीम ने उन्हें अपने बेटे के साथ बतौर मेहमान आमंत्रित किया था। यह कार्यक्रम बिना किसी पारिश्रमिक के था, लेकिन टीम के बार-बार आग्रह करने पर उन्होंने अपनी एक दिन की नौकरी छोड़ी और अपने बेटे को विशेष रूप से गोवा से वापस बुलाया।
उन्होंने बताया कि वह दोपहर करीब 12:30 बजे सेट पर पहुंचीं। शुरुआत में उन्हें बताया गया था कि कुछ घंटों में उनकी शूटिंग हो जाएगी, लेकिन इंतजार रात तक जारी रहा। गीता ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके बेटे को एक टेंट में बैठाया गया, जहां चाय-पानी तक की उचित व्यवस्था नहीं थी। बार-बार पूछने के बावजूद शूटिंग के समय को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
गीता ने अपनी पोस्ट में यह भी दावा किया कि जब उन्होंने प्रोडक्शन मैनेजर से लंबे इंतजार के बारे में सवाल किया तो जवाब मिला कि अगर वे जाना चाहते हैं तो जा सकते हैं, लेकिन हस्ताक्षर किए बिना नहीं जा सकते। इसके बाद वह और उनका बेटा रात करीब 9:15 बजे सेट से चले गए।
उन्होंने कहा कि कैमरे के पीछे काम करने वाले तकनीशियनों और अन्य पेशेवरों को भी उतना ही सम्मान मिलना चाहिए, जितना कैमरे के सामने रहने वाले कलाकारों को मिलता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य अनिल कपूर या फराह खान को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराना नहीं, बल्कि उन्हें मेहमानों के साथ हुए व्यवहार से अवगत कराना है।
अनिल कपूर और फराह खान ने मांगी माफी
गीता की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए शो के होस्ट अनिल कपूर ने उनके अनुभव पर दुख जताया और माफी मांगी। उन्होंने कहा कि शो में शामिल होने वाले हर व्यक्ति को सम्मान और अपनापन महसूस होना चाहिए था। उन्होंने गीता के सुझावों को गंभीरता से लेने की बात भी कही।
वहीं, फिल्ममेकर फराह खान ने भी माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें सेट पर गीता की मौजूदगी की जानकारी नहीं थी, क्योंकि वह शाम को दूसरे एपिसोड की शूटिंग कर रही थीं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पता होता तो वह गीता को अपने वैन में बैठने के लिए जरूर कहतीं। उन्होंने गीता के काम और मेहनत के प्रति सम्मान भी जताया।
कई कलाकारों ने किया समर्थन
गीता टंडन के समर्थन में अभिनेत्री तिलोत्तमा शोम, भाग्यश्री और श्रिया पिलगांवकर समेत कई कलाकार सामने आए।
तिलोत्तमा शोम ने गीता की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना हमेशा सम्मान की बात रही है।
भाग्यश्री ने कहा कि किसी फिल्म की सफलता में कैमरे के सामने और पीछे काम करने वाले सभी लोगों का समान योगदान होता है। किसी के साथ भी किसी तरह का अपमानजनक व्यवहार नहीं होना चाहिए।
वहीं, श्रिया पिलगांवकर ने भी घटना पर दुख जताते हुए इसे अस्वीकार्य बताया।
गौरतलब है कि ‘इंडिया के टॉप 1 परसेंट – द अनिल कपूर शो’ का प्रसारण स्टार प्लस पर हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे होता है। यह शो जियोहॉटस्टार पर भी उपलब्ध है।
