मंदिरा बेदी के पति और फिल्मकार राज कौशल का दिल का दौरा पड़ने से निधन 

‘शादी का लड्डू’ और ‘प्यार में कभी-कभी’ जैसी फिल्मों के निर्देशक राज कौशल का बुधवार को तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस और टीवी प्रसेंटर मंदिरा बेदी के पति राज कौशल का निधन हो गया है। ‘शादी का लड्डू’ और ‘प्यार में कभी-कभी’ जैसी फिल्मों का निर्देशन करने वाले राज कौशल का बुधवार को तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

जिस बात की जानकारी कौशल के पारिवारिक मित्र और एक्टर रोहित रॉय ने दी है। बता दें कि कौशल के परिवार में पत्नी मंदिरा बेदी के अलावा बेटा वीर और बेटी तारा हैं।

रॉय ने कौशल के निधन की खबर की जानकारी देते हुए बताया कि, ‘‘उनका आज तड़के करीब साढ़े चार बजे अपने घर पर निधन हो गया। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।’’

बता दें कि  कौशल संजय सूरी और ओनिर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘माई ब्रदर … निखिल’ के मुख्‍य प्रोड्यूसर्स संजय सूरी, विकी तेजवानी, ओनिर के साथ राज कौशल भी थे। 2005 में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।

ओनिर ने कौशल को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया, ‘‘तुम बहुत जल्दी चले गए। हमने फिल्मकार एवं निर्माता राज कौशल को आज सुबह खो दिया। बहुत दु:खद। वह मेरी पहली फिल्म ‘माई ब्रदर निखिल’ के निर्माताओं में से एक थे।’’

कौशल ने आखिरी बार 2006 में आई थ्रिलर ‘एंथनी कौन है?’ का निर्देशन किया था। इस फिल्म में अरशद वारसी एवं संजय दत्त ने अभिनय किया था, लेकिन कौशल के निधन की खबर से भारतीय फिल्म जगत शोक में डूबा हुआ है।

First Published on: June 30, 2021 1:35 PM
Exit mobile version