पुण्यतिथि विशेष – राजेश खन्ना की प्रतिभा उनकी रोमांटिक इमेज तक ही सीमित नहीं थी


यूँ तो राजेश खन्ना फिल्मों में अपने रोमांटिक इमेज के लिए जाने जाते थे लेकिन अपने लम्बे फ़िल्मी करियर में राजेश खन्ना ने और कई ऐसी फिल्में की थी जो उनकी रोमांटिक इमेज से काफी दूर थी। ये महज संयोग की बात है की उन फिल्मों को बहुत कम लोगो ने देखा। आइये नज़र डालते है कुछ ऐसी ही फिल्मों पर जिन्होंने राजेश खन्ना को एक सम्पूर्ण अभिनेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।



फिर वही रात  

फिर वही रात राजेश खन्ना के करियर की पहली भूतिया फिल्म थी। इसी फिल्म से अभिनेता डैनी ने निर्देशन की दुनिया में कदम रखे थे। इस फिल्म में राजेश खन्ना एक मनोचिकित्सक की भूमिका में नज़र आये थे जिनका पाला पड़ता है किम से जो हॉस्टल में रहकर अपनी पढाई कर रही है और इस बात के सपने देखती है की उसकी चाची उसकी हत्या कर रही है। इस फिल्म में थ्रिल के कई मोमेंट्स है और आर डी बर्मन ने अपने संगीत से इसको एक यादगार फिल्म बना दिया था। इस फिल्म के लिए राजेश खन्ना निर्माता के पहले चॉइस नहीं थे, उनके पहले इस फिल्म के लिये शशि कपूर और जीतेन्द्र को याद किया गया था।

इत्तेफ़ाक़ 

इत्तेफ़ाक़ की शूटिंग निर्देशक यश चोपड़ा ने महज २९ दिन में पूरी की थी। जब यश चोपड़ा अपनी फिल्म आदमी और इंसान की शूटिंग में व्यस्त थे तब शूटिंग के दौरान फिल्म की अभिनेत्री सायरा बानो के एक दुर्घटना में घायल हो गयी थी। जो खाली वक़्त उनको मिला उसमे उनको हॉलीवुड की फिल्म साईपोस्ट टु मर्डर देखने का मौका मिला और वही फिल्म इत्तेफक की प्रेरणा बनी। इत्तेफ़ाक़ में राजेश खन्ना की भूमिका और उनका रोमांटिक इमेज – इन दोनों में दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं था। अपने कमाल के सस्पेंस के लिए ये फिल्म आज भी याद की जाती है। वैसे दिलीप रॉय की भूमिका के लिए यश चोपड़ा ने राजेश खन्ना के पहले राज कुमार और शत्रुघ्न सिन्हा को याद किया था।

चक्रव्यूह

चक्रव्यूह निर्देशक बासु चटर्जी के फ़िल्मी करियर की अकेली एक्शन थ्रिलर फिल्म है। चक्रव्यूह हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक अल्फ्रेड हिचकॉक की फिल्म द ३९ स्टेप्स पर आधारित है। फिल्म की कहानी के केंद्र में राजेश खन्ना है जो ना चाहते हुए भी जासूसी के जाल में फंस जाते है। इस फिल्म का निर्माण राजेश खन्ना ने खुद किया था।

रेड रोज

रेड रोज दक्षिण की फिल्म सीगाप्पू रोजाक्कल पर आधारित थी जिसमे श्रीदेवी और कमल हसन ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इस फिल्म के लिए पहले संजीव कुमार से संपर्क साधा गया था लेकिन बाद में इस रोल को राजेश खन्ना ने निभाया। एक एंटी हीरो की भूमिका में राजेश खन्ना ने रेड रोज में शानदार अभिनय किया था।एक सीरियल किलर और रेपिस्ट की भूमिका में राजेश खन्ना ने दर्शको को हैरत में डाल दिया था जिसके बाद लोगो ने दांतो तले उंगलिया दबा ली थी।

आविष्कार

प्यार और शादी के बाद रिश्तो में जो अहंकार आता है वो कई चीज़ो को तहस नहस कर देता है। बासू भट्टाचार्या क फिल्म आविष्कार का मूल विषय यही था। इस फिल्म में राजेश खन्ना और शर्मीला टैगोर ने बेहद ही परिपक्व अभिनय का नमूना पेश किया था और कई बार देखकर आश्चर्य होता है की कुछ सालों पहले इसी जोड़ी ने आराधना में काम किया था। अपने सधे हुए अभिनय से राजेश खन्ना ने साल १९७५ में इस फिल्म के लिए फिल्मफेयर अवार्ड जीता था।