फिल्म ‘मैडम चीफ मिनिस्टर’ के पोस्टर पर विवादों में आईं ऋचा चड्डा ने कहा, ‘‘अनजाने में हुई चूक’’

मुम्बई। बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्डा ने अपनी आने वाली फिल्म ‘मैडम चीफ मिनिस्टर’ के पोस्टर को लेकर हुए विवाद पर सफाई दी और इसे ‘‘अनजाने में हुई चूक’’ बताया। कई लोगों ने पोस्टर ‘अनटचेबल’ (अछूत) शब्द को लेकर भी आपत्ति जतायी थी। अदाकारा ने कहा कि फिल्म में काम करते समय उन्होंने काफी कुछ सीखा।

ऋचा की आने वाली फिल्म का एक पोस्टर पांच जनवरी को जारी किया गया था, जिसमें दलित समुदाय को रूढ़िवादी धारणा के तहत दिखाने की सोशल मीडिया पर कई लोगों ने काफी आलोचना की थी। ऋचा पोस्टर में हाथ में झाड़ू लिए नजर आ रही थीं। वहीं उस पर ‘अनटचेबल, अनस्टॉपेबल’ भी लिखा था।

ऋचा ने एक बयान में कहा, फिल्म के पहले पोस्टर की काफी आलोचना हुई, वह भी सही कारणों की वजह से मेरे लिए वह केवल किरदार द्वारा इस्तेमाल किया गया, एक सामान था, जो कि कई लोगों को दलित समुदाय को लेकर बनी हुई रूढ़िवादी धारणा को प्रतिबिंबित करने वाला दिखा।

ऋचा चड्डा ने कहा कि तुरंत ही गलती का एहसास कर लिया गया और अगले दिन ही एक नया पोस्टर जारी किया गया। कहा, यह खेदजनक और पूरी तरह से अनजाने में हुई एक चूक थी, किसी ने जानबूझकर ऐसा नहीं किया। हम माफी चाहते हैं।

First Published on: January 15, 2021 4:54 PM
Exit mobile version