मुंबई में शिल्पा राव का लाइव शो बीच में रुका, बोलीं- ‘हमारी कहानी अधूरी रह गई’

मुंबई: बॉलीवुड सिंगर शिल्पा राव का मुंबई में आयोजित बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट (BMP) के 10वें वर्षगांठ समारोह में लाइव परफॉर्मेंस तकनीकी देरी के कारण बीच में रोकना पड़ा। 24 अक्टूबर को हुई इस घटना से प्रशंसक निराश हुए। इसके बाद गायिका ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए मुंबई लौटने का वादा किया।

शिल्पा राव ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि संगीत रुकने के बावजूद दर्शक उनका नाम पुकारते रहे और उनका हौसला बढ़ाते रहे। उन्होंने कहा, “आज रात हमारी कहानी अधूरी रह गई।” साथ ही उन्होंने दर्शकों के प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया।

‘मैं वापस आऊंगी, मुंबई’

गायिका ने अपनी पोस्ट में लिखा कि खूबसूरत पल का इस तरह अधूरा रह जाना उन्हें बेहद दुखी कर गया। उन्होंने कहा कि संगीत बंद होने के बाद भी दर्शकों का प्यार महसूस कर सकती थीं। शिल्पा ने मुंबई से दोबारा मिलने का वादा करते हुए लिखा, “मैं वापस आऊंगी। आई लव यू, मुंबई।”

इन गानों से मिली पहचान

शिल्पा राव ने 2007 में फिल्म अनवर के गाने ‘तोसे नैना’ से प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत की थी। फिल्म बचना ऐ हसीनों के ‘खुदा जाने’ से उन्हें व्यापक पहचान मिली।

इसके बाद उन्होंने ‘बुल्लेया’ (ऐ दिल है मुश्किल), ‘घुंघरू’ (वॉर) और ‘चलेया’ (जवान) जैसे लोकप्रिय गानों में अपनी आवाज दी। भारतीय संगीत में योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है।

First Published on: October 25, 2026 12:09 PM
Exit mobile version