“बड़े अच्छे लगते हैं” का दूसरा सीजन जल्द होगा शुरू, एकता ने दी जानकारी

'बड़े अच्छे लगते हैं' के दूसरे सीजन में इस बार अभिनेता नकुल मेहता और अभिनेत्री दिशा परमार अहम किरदार में नजर आएंगें।

मुंबई। भारतीय टेलीविजन जगत का चर्चित शो ‘‘बड़े अच्छे लगते हैं’’ का दूसरा सीजन जल्द ही शुरू होने वाला है। जिस सीजन में इस बार अभिनेता नकुल मेहता और अभिनेत्री दिशा परमार अहम किरदार में नजर आएंगें।

निर्माता एकता कपूर के इस शो का पहला सीजन दर्शकों काफी पसंद आया था, जिसमें राम कपूर और साक्षी तंवर ने मुख्य भूमिका निभाई थी। वहीं दर्शकों के बीच इस शो की लोकप्रियता देखते हुए एकता ने सोशल मीडिया पर शो के नये सीजन के बारे में जानकारी दी है।

एकता ने इंस्टाग्राम पर प्रोमो वीडियो को शेयर करते हुए पोस्ट में लिखा, ‘‘बड़े अच्छे लगते हैं, आइए राम और प्रिया से मिलिए।’’

नकुल और दिशा इससे पहले 2012 में प्रसारित स्टार प्लस के हिट शो ‘‘प्यार का दर्द है मीठा-मीठा प्यारा प्यारा’’ में साथ नजर आए थे।

गौरतलब है कि छोटे पर्दे पर ‘‘बड़े अच्छे लगते हैं’’ का पहला सीजन सोनी टेलीविजन पर 2011 में प्रसारित होना शुरू हुआ था। इस शो की कहानी एक मध्यम आयु वर्ग के जोड़े राम और प्रिया के जीवन पर आधारित थी। जो दर्शकों के बीच बेहद सफल और लोकप्रिय रहा था और इसी के चलते जुलाई 2014 तक इसके 600 से ज्यादा ऐपिसोड प्रसारित किए गए।

First Published on: August 12, 2021 4:19 PM
Exit mobile version