
मुजफ्फरनगर। देश के विभिन्न हिसो में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 14 मजदूरों की मौत हो गई एवं 50 से अधिक घायल हो गए। पहली दुर्घटना उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हुए जहां सरकारी बस ने घर जा रहे प्रवासियों को रौंद दी जिससे मौके पर ही छह मजदूरों ने दम तोड़ दिया वहीं दूसरा दर्दनाक सड़क दुर्घटना मध्य प्रदेश के गुना में हुआ जहां कंटेनर और यात्री बस की टक्कर में आठ मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और कंटेनर में सवार 50 से अधिक मजदूर घायल हो गए।
खबरों के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से बुधवार देर रात को एक बड़ी दर्दनाक खबर आई। यहां दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं, जिनमें भी कुछ की हालत गंभीर है। पैदल घर जा रहे मजदूरों को एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचल दिया है।
बता दें कि देर रात पंजाब से पैदल ही वापस लौट रहे मजदूर जब सिटी कोतवाली इलाके में पहुंचे तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें कुचल दिया, जिसमें 6 की दर्दनाक मौत हो गई और कई अन्य घायल हैं। ये सभी बिहार के मूल निवासी थे और पंजाब से पैदल ही वापस अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक पंजाब से पैदल ही वापस लौट रहे बिहार के 6 मजदूरों को बुधवार देर रात मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर घलौली चेकपोस्ट से आगे रोहाना टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचल दिया, जिससे 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और उनके साथी घायल हो गए।
इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। फिर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया और घायल मजदूरों को जिला अस्पताल लाकर भर्ती करवाया। पुलिस के अनुसार मृतक मजदूर बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले हैं, जो पंजाब से पैदल ही वापस लौट रहे थे।
बस और कंटेनर की भयानक टक्कर में 8 मजदूरों की मौत
मध्य प्रदेश के गुना में हुए सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई है। यहां एक कंटेनर और यात्री बस की टक्कर हो गई है। इस हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 50 से ज्यादा घायल हुए हैं। घायल मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक लगभग 65 मजदूर कंटेनर में सवार होकर महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश जा रहे थे। इस दौरान गुना बाईपास पर सामने से आ रही यात्री बस और कंटेनर की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर का ड्राइवर फरार हो गया है। बता दें कि गुना के कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात ये दुखद घटना हुई।
इस दर्दनाक एक्सीडेंट की खबर सुनते ही गुना प्रशासन में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन मरने वाले सभी मजदूर यूपी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कैंट थाने की पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।