गाजियाबाद श्मशान स्थल पर छत ढहने से 15 की मौत

गाजियाबाद। उत्तरप्रदेश के मुरादनगर में रविवार को एक श्मशान स्थल पर छत ढह जाने से 15 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी। छत उस वक्त ढही, जब वहां 25 लोग मौजूद थे। इनमें से अधिकतर लोग रामधन के रिश्तेदार थे, जिनका उस वक्त वहां अंतिम संस्कार हो रहा था।

गाजियाबाद (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक इराज राजा ने कहा कि इस घटना के कई घंटे बाद भी और लोगों की तलाश में बचावकर्मी मलबा छान रहे हैं।

उत्‍तर प्रदेश की राज्‍यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने गाज़ियाबाद के मुरादनगर में शमशान घाट की छत गिरने से हुई कई लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना प्रकट की है।

रविवार को राजभवन से जारी विज्ञप्ति के अनुसार राज्यपाल पटेल ने मुरादनगर में शमशान घाट की छत गिरने के हादसे में हुई अनेक लोगों की मृत्यु पर शोक जताते हुए, दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की है और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है।

सरकारी प्रवक्‍ता के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने इस हादसे में मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मण्डलायुक्त, मेरठ एवं अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन को घटना के सम्बन्ध में रिपोर्ट देने को भी कहा है।

योगी ने घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

First Published on: January 3, 2021 6:03 PM
Exit mobile version