थम नहीं रहा कोरोना का कहर, मृतकों की संख्या हुई 480, बीमारों का आंकड़ा 14000 के पार

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार शुक्रवारशाम से 28 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें मध्यप्रदेश के 12, महाराष्ट्र के सात, दिल्ली के चार, गुजरात के तीन और जम्मू कश्मीर और बिहार का एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। संक्रमण के कारण देश में हुई कुल 480 मौतों में महाराष्ट्र में सर्वाधिक 201 लोगों की मौत हुई। उसके बाद मध्य प्रदेश में 69, दिल्ली में 42, गुजरात में 41 पर और तेलंगाना में 18 लोगों की जान जा चुकी है।

नई दिल्ली। देश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़ कर 480 हो गई, जबकि संक्रमण के मामले बढ़ कर 14,378 हो गए। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी देश में कोविड-19 से 11,906 लोग संक्रमित हैं जबकि 1,991 लोग उपचार के बाद ठीक हो गए हैं। उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। इन मामलों में 76 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार शुक्रवार शाम से 28 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें मध्यप्रदेश के 12, महाराष्ट्र के सात, दिल्ली के चार, गुजरात के तीन और जम्मू कश्मीर और बिहार का एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। संक्रमण के कारण देश में हुई कुल 480 मौतों में महाराष्ट्र में सर्वाधिक 201 लोगों की मौत हुई। उसके बाद मध्य प्रदेश में 69, दिल्ली में 42, गुजरात में 41 पर और तेलंगाना में 18 लोगों की जान गई। संक्रमण से तमिलनाडु में 15 मौतें हुई हैं जबकि आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 14-14 लोगों की मौत हुई है। पंजाब और कर्नाटक में 13-13 लोगों की, राजस्थान में 11 और पश्चिम बंगाल में 10 लोगों की मौत हुई है।
जम्मू-कश्मीर में पांच लोगों की जान चली गई जबकि केरल और हरियाणा में तीन-तीन मौतें हुई हैं। झारखंड और बिहार में दो-दो मौतें हुई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह अद्यतन हुए आंकड़ों के अनुसार, मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में एक-एक व्यक्ति की मौत इस संक्रमण से हुई है। देश में संक्रमण के सबसे अधिक पुष्ट मामले महाराष्ट्र में 3,323, उसके बाद दिल्ली में 1,707, तमिलनाडु में 1,323 , मध्य प्रदेश में 1,310 हैं। राजस्थान में 1,229, गुजरात में 1,099 और उत्तर प्रदेश में 849 मामले हैं।
कोरोना वायरस के तेलंगाना में 766 मामले हैं, आंध्र प्रदेश में 572 और केरल में 396 मामले हैं। कर्नाटक में कोरोना वायरस के 359, जम्मू कश्मीर में 328, पश्चिम बंगाल में 287, हरियाणा में 225 और पंजाब में 202 मामले हैं। बिहार में संक्रमण के 83 और ओडिशा में 60 मामले सामने आए हैं। उत्तराखंड में 40 लोग वायरस से संक्रमित हैं, जबकि छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में 36-36 लोग संक्रमित हैं। असम में अब तक 35 मामले सामने आए हैं।
कोरोना वायरस संक्रमण के झारखंड में 33 मामले, चंडीगढ़ में 21 और लद्दाख में 18 मामले हैं। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 12 मामले सामने आए हैं। इनके अलावा मेघालय में नौ मामले , जबकि गोवा और पुडुचेरी में सात-सात, मणिपुर और त्रिपुरा में दो-दो मामले हैं, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक मामला सामने आया है। वेबसाइट में यह भी कहा गया है कि नगालैंड के एक संक्रमित व्यक्ति को असम भेजा गया है।
गुजरात में कोरोना वायरस संक्रमण के शिकार हुए सात लोगों की मौत के बाद राज्य में कोविड-19 मृतकों की संख्या 48 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि 176 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 1,272 हो गई है। प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने बताया कि पांच मरीजों की मौत अहमदाबाद में और एक-एक मौत वडोदरा और सूरत में हुई है। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद में जान गंवाने वाले 68 वर्षीय बुजुर्ग उच्च रक्तचाप और तपेदिक से पीड़ित थे जबकि शहर में जिन अन्य 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हुई वह गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थीं।
अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद की ही जान गंवाने वाली 65 वर्षीय अन्य महिला उच्च रक्तचाप और गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थी। अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद के अस्पताल में दम तोड़ने वाली 50 वर्षीय महिला मानसिक रोग से पीड़ित थी जबकि अरावली से 70 वर्षीय महिला दिल की बीमारी से ग्रस्त थी। रवि ने बताया कि अहमदाबाद में अब तक कोविड-19 से 25, वडोदरा में सात और सूरत में छह मौत हुई है। वहीं शनिवार को अहमदाबाद से कोविड-19 के 142 नये मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 765 हो गई।

उन्होंने बताया कि वडोदरा और सूरत से 13-13 नये मामले सामने आए हैं जबकि राजकोट और भावनगर से दो और आणंद, भरुच और पंचमहाल से एक-एक मामला सामने आया है। रवि ने बताया कि अहमदाबाद के 142 में से अधिकतर मामले शहर के कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों से सामने आए हैं। राज्य में अब तक 88 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

First Published on: April 19, 2020 8:05 AM
Exit mobile version