आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में गैस लीक होने से 11 की मौत, 100 अस्पताल में भर्ती


आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक केमिकल प्लांट से गैस लीक होने के बाद गुरुवार को कम से कम दो बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई है। गैस से प्रभावित होने के कारण करीब 100 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की सहायति राशि देने का ऐलान किया है।



नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के आर.आर. वेंकटपुरम गांव में एक केमिकल प्लांट से गैस लीक होने के बाद गुरुवार को कम से कम दो बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई है। गैस से प्रभावित होने के कारण करीब 100 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की सहायति राशि देने का ऐलान किया है। गैस कांड के चलते जिन लोगों का वेंटिलेटर पर इलाज चल रहा है उन सभी लोगों को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा, अन्य लोगों को जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है लेकिन वे वेंटिलेटर पर नहीं हैं उन सभी को 1-1 लाख रुपये दिए जाएंगे। 

ग्रेटर विशाखापत्तनम नगर निगम ने ट्वीट किया,‘‘गोपालपत्तनम के एलजी पोलिमर्स में गैस लीक होने का पता चला है। इस जगह के आस-पास रह रहे लोगों से अपील है कि वे सुरक्षात्मक कदमों के तहत एहतियात बरतते हुए घरों से बाहर नहीं निकलें।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक रासायनिक संयंत्र में गैस लीक होने के कारण उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की और प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री ने गैस लीक होने के बाद पैदा हुए हालात के मद्देनजर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की बैठक पूर्वाह्न 11 बजे बुलाई है। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि उन्होंने गृह मंत्रालय और एनडीएमए के अधिकारियों से स्थिति के संबंध में बात की है जो स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी की सुरक्षा और विशाखापत्तनम के लोगों की कुशलक्षेम की प्रार्थना करता हूं।’’पीएमओ के ट्वीट के अनुसार, मोदी ने विशाखापत्तनम की स्थिति पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी से बात की और उन्हें हर तरह की मदद और समर्थन देने का आश्वासन दिया।

तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह विशाखापत्तनम में गैस लीक होने की घटना से सकते में हैं। उन्होंने शहर के लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की। नायडू ने ट्वीट किया कि संकट के समय में नेताओं और कार्यकर्ताओं को लोगों की मदद के लिए तत्पर रहना चाहिए।

गहलोत ने गैस रिसाव मामले में शोक जताया

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम गैस रिसाव हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए बीमारों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है। गहलोत ने ट्वीट किया कि इस भयावह गैस रिसाव हादसे की जानकारी मिलने पर वह स्तब्ध हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति सांत्वना जताते हुए हादसे में अस्वस्थ हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

वहीं उपमुख्यमंत्री पायलट ने ट्वीट किया है,’आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम में एक मल्टीनेशनल कंपनी के कारखाने में जहरीली गैस लीक होने से हुए हादसे में कई लोगों की मृत्यु होना अत्यंत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।’

उन्होंने लिखा है- मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति सांत्वना जताई है।

नड्डा ने गैस रिसाव की घटना पर शोक प्रकट किया

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने विशाखापत्तनम के एक रासायनिक संयंत्र में गैस रिसाव की घटना पर गहरा दुख प्रकट किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से पीड़ितों की हर संभव मदद करने को कहा। नड्डा ने ट्वीट किया,‘‘विशाखापत्तनम में गैस रिसाव की त्रासदीपूर्ण घटना से बेहद दुखी हूं। मैं इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। मैं सभी की कुशलता की कामना करता हूं।’’ उन्होंने कहा,‘‘मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से स्वास्थ्य संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन के साथ राहत कार्य में हर संभव समन्वय स्थापित करने की अपील करता हूं।’’

 



Related