रिपब्लिक टीवी के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

नागरिक न्यूज ऑनलाइन नागरिक न्यूज ऑनलाइन
देश Updated On :

मुंबई। टीआरपी विवाद से जुड़े और अपने विवादित न्यूज शो से चर्चित पत्रकार अर्नब गोस्वामी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर एक 53 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर को कथित रूप से आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। अर्नब गोस्वामी रिपब्लिक टीवी के प्रधान संपादक हैं और मुंबई में रहते है। मुंबई पुलिस ने बुधवार सुबह उनके घर जाकर उनको गिरफ्तार किया है।

आत्महत्या को लिए उकसाने का मामला 2018 का है। विगत कई महीने से रिपब्लिक टीवी मुंबई पुलिस और शिवसेना पर प्रायोजित समाचार चला रहा था। इसके बाद कई बार यह देखा गया कि अर्नब गोस्वामी शिवसेना सरकार और मुंबई पुलिस को अपने टीवी शो में ललकार रहे हैं, नतीजा सामने है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अलीबाग पुलिस की एक टीम ने गोस्वामी को यहां उनके घर से गिरफ्तार किया। गोस्वामी को पुलिस वैन में बैठाते हुए देखा गया। इस दौरान गोस्वामी ने दावा किया कि पुलिस ने उनके घर पर उनके साथ बदसलूकी की।

अधिकारी ने बताया कि 2018 में एक आर्किटेक्ट और उनकी मां ने कथित तौर पर गोस्वामी के रिपब्लिक टीवी द्वारा उनके बकाया का भुगतान न किए जाने के कारण आत्महत्या कर ली थी। इस वर्ष मई में महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने आर्किटेक्ट अन्वय नाइक की बेटी अदन्या नाइक की नई शिकायत के आधार पर फिर से जांच का आदेश दिये जाने की घोषणा की थी।

देशमुख ने बताया था कि अदन्या ने आरोप लगाया है कि अलीबाग पुलिस ने गोस्वामी के चैनल द्वारा बकाया भुगतान ना करने के मामले में जांच नहीं की। उसका दावा है कि इस कारण ही उसके पिता और दादी ने मई 2018 में आत्महत्या कर ली थी।

कथित ‘आत्महत्या’ के लिए उकसाने के आरोप में अर्नब को हिरासत में लेने गयी पुलिस के साथ भारी लाव-लश्कर था। अर्नब के घर के बाहर भारी पुलिस की मौजूदगी देखी गई। समाचार चैनल ने इस कदम को बदले की कार्रवाई के तौर पर बताया है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हम महाराष्ट्र में प्रेस की आजादी पर हमले की निंदा करते हैं। यह प्रेस के साथ व्यवहार का सही तरीका नहीं है। यह हमें उन आपातकाल के दिनों की याद दिलाता है जब प्रेस के साथ ऐसा किया जाता था।

जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर पुरुषोत्तम अग्रवाल ने ट्वीट किया कि आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में अभी तक समुचित कार्रवाई क्यों नहीं हुई।



Related