नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आगामी 14 अप्रैल को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्र में गरीबों को राशन और मास्क बांटने को कहा है।
नड्डा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को 14 अप्रैल को अपने घर में आंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर इसकी फोटो सोशल मीडिया पर भी साझा करना चाहिये। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को संविधान के आदर्शों का पालन करने और कोरोना के खिलाफ जंग में सरकार के निर्देशों का अनुसरण करने की भी शपथ लेनी चाहिये। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को संविधान, सामाजिक समानता और समरसता के बारे में डॉ. आंबेडकर के विचारों पर निबंध भी लिखना चाहिये।
उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कोरोना वायरस के संक्रमण के बारे में लोगों को जागरुक करने के लिये गरीब बस्तियों में अभियान चलाने का आह्वान किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी नेता और कार्यकर्ता कोरोना वायरस के खिलाफ संघर्ष में केन्द्र सरकार के प्रयासों की जानकारी जमीनी स्तर पर लोगों को दें।