दिल्ली में ब्रिक्स समिट के चलते आज यानी 13 सितंबर को कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक के लिए पब्लिक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान 22 जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा और 35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित होंगी। ब्रिक्स समिट का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान में किया जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें। खास तौर पर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और ISBT जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।एडवाइजरी में एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो को प्राथमिकता देने की भी सलाह दी गई है।
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग और डॉ। जाकिर हुसैन मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कें प्रभावित रहेंगी।
इसके अलावा ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉल्सटॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, केमल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग भी प्रभावित सड़कों की सूची में हैं।
22 जगहों पर कहां-कहां रहेगा डायवर्जन?
- दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (W-पॉइंट)
यहां मथुरा रोड और तिलक मार्ग की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। ईस्ट और साउथ दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए BSZ मार्ग और IP मार्ग का रूट बताया गया है। सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट दिल्ली की तरफ जाने वालों को BSZ मार्ग और दिल्ली गेट की तरफ भेजा जाएगा। नई दिल्ली और कनॉट प्लेस के लिए सिकंदरा रोड का रास्ता रहेगा। - राम चरण अग्रवाल चौक (A-पॉइंट)
यहां से W-पॉइंट के आगे कमर्शियल वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। ईस्ट और साउथ दिल्ली जाने वालों को IP मार्ग, नई दिल्ली और कनॉट प्लेस जाने वालों को DDU मार्ग और सेंट्रल, नॉर्थ, वेस्ट व अन्य दिशाओं के लिए BSZ मार्ग और दिल्ली गेट का रूट बताया गया है। - मीर दर्द चौक
यहां महाराजा रणजीत सिंह मार्ग की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। नई दिल्ली, सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट दिल्ली की तरफ जाने वालों के लिए मीर दर्द मार्ग, अब्दुल गफ्फार मार्ग और DDU मार्ग का रास्ता बताया गया है। अन्य दिशाओं से आने वाले ट्रैफिक के लिए मीर दर्द मार्ग, कोटला मार्ग और BSZ मार्ग/DDU मार्ग का विकल्प है। - कस्तूरबा गांधी मार्ग/कनॉट प्लेस आउटर सर्किल
C-Hexagon और आउटर सर्किल कनॉट प्लेस की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा। नई दिल्ली और साउथ दिल्ली के लिए आउटर सर्किल से दूसरे प्रमुख रास्तों का इस्तेमाल किया जा सकेगा, लेकिन जनपथ को छोड़कर। - जनपथ/कनॉट प्लेस
आउटर सर्किल से C-Hexagon की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। सेंट्रल, नॉर्थ, वेस्ट और ईस्ट दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए कालीबाड़ी, शहीद भगत सिंह, पंचकुइयां, मिंटो और बाराखंबा रोड के रास्ते बताए गए हैं। - पटेल चौक
संसद मार्ग से विंडसर प्लेस और RBI की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। नई दिल्ली, साउथ, वेस्ट और सेंट्रल दिल्ली से आने वालों के लिए अशोका रोड और GPO का रास्ता है। वहीं सेंट्रल, नॉर्थ, वेस्ट और ईस्ट दिल्ली की तरफ जाने वालों के लिए संसद मार्ग और कनॉट प्लेस का रूट बताया गया है। - RML अस्पताल राउंडअबाउट
मदर टेरेसा क्रिसेंट और टॉकरटोरा रोड की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। इसके लिए शेख मुजीबुर रहमान मार्ग और बाबा खड़क सिंह मार्ग के रास्ते बताए गए हैं। - वंदे मातरम मार्ग/साइमन बोलिवर मार्ग
साइमन बोलिवर मार्ग की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। साउथ दिल्ली जाने वालों के लिए वंदे मातरम मार्ग से धौला कुआं और नई दिल्ली, ईस्ट, नॉर्थ, वेस्ट व सेंट्रल दिल्ली के लिए वंदे मातरम मार्ग से करोल बाग का रूट बताया गया है। - धौला कुआं फ्लाईओवर
सरदार पटेल मार्ग की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को रिंग रोड की तरफ भेजा जाएगा। नई दिल्ली, नॉर्थ, सेंट्रल और ईस्ट दिल्ली के लिए वंदे मातरम मार्ग का विकल्प है। IGI एयरपोर्ट और गुरुग्राम जाने वाले वाहन NH-48/गुरुग्राम रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। - मोती बाग फ्लाईओवर
शांति पथ की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। साउथ वेस्ट दिल्ली, IGI एयरपोर्ट और गुरुग्राम की तरफ जाने वालों के लिए राव तुला राम मार्ग का रूट बताया गया है। - ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग का राउंडअबाउट
अफ्रीका एवेन्यू से यशवंत प्लेस की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। नई दिल्ली, साउथ और ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की तरफ जाने वालों के लिए ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग और अन्य दिशाओं के लिए अफ्रीका एवेन्यू से भिकाजी कामा फ्लाईओवर का रूट बताया गया है। - मदरसा टी-पॉइंट
ऑरोबिंदो मार्ग की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। साउथ और ईस्ट दिल्ली के लिए लोधी रोड और अन्य दिशाओं के लिए ऑरोबिंदो मार्ग से सफदरजंग फ्लाईओवर का रूट बताया गया है।
13 से 16. लोधी रोड के अलग-अलग पॉइंट
लोधी रोड और अमृता शेरगिल मार्ग, लोधी रोड और मैक्स म्यूलर मार्ग, लोधी रोड और महर्षि रमण मार्ग और लोधी रोड/आर्च बिशप मैकारियस मार्ग पर भी ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। इन जगहों पर अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को लोधी रोड की तरफ भेजने के वैकल्पिक रूट बताए गए हैं।
- लोधी फ्लाईओवर के नीचे
मथुरा रोड से भारत मंडपम की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। साउथ और ईस्ट दिल्ली से आने वाले वाहनों के लिए लोधी रोड से नीला गुंबद, ईस्ट दिल्ली के लिए बारापुला फ्लाईओवर और अन्य दिशाओं के लिए लोधी रोड से मदरसा/लाला लाजपत राय मार्ग का विकल्प दिया गया है। - नीला गुंबद
ओबेरॉय फ्लाईओवर और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। साउथ, ईस्ट, सेंट्रल और नॉर्थ दिल्ली की तरफ जाने वालों के लिए मथुरा रोड से आश्रम चौक का रूट और साउथ, वेस्ट, सेंट्रल, नॉर्थ व नई दिल्ली की तरफ जाने वालों के लिए लोधी रोड का रास्ता बताया गया है। - ओबेरॉय फ्लाईओवर के नीचे
मथुरा रोड के ट्रैफिक को लोधी फ्लाईओवर के रास्ते, DPS मथुरा रोड के सामने अंडरपास से यू-टर्न लेकर भेजा जाएगा। हालांकि ओबेरॉय होटल और गोल्फ लिंक जाने वाले वाहनों को अनुमति रहेगी। - DPS मथुरा रोड के सामने यू-टर्न
भारत मंडपम की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। वाहनों को DPS मथुरा रोड के सामने अंडरपास से यू-टर्न लेकर लोधी फ्लाईओवर के रास्ते भेजा जाएगा। - रिंग रोड/भैरों रोड
भैरों मार्ग की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। साउथ, ईस्ट और नई दिल्ली से आने वालों के लिए सराय काले खां के रास्ते रिंग रोड और सेंट्रल, नॉर्थ, ईस्ट व वेस्ट दिल्ली के लिए राजघाट के रास्ते रिंग रोड का विकल्प दिया गया है। - मंडी हाउस
फिरोजशाह रोड, भगवान दास रोड और कॉपरनिकस मार्ग की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। नई दिल्ली, सेंट्रल, नॉर्थ, वेस्ट और साउथ दिल्ली के लिए बाराखंबा रोड और अन्य दिशाओं के लिए सिकंदरा मार्ग का रास्ता बताया गया है।
रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए भी बदले रूट
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन: यहां पहुंचने के लिए तीन वैकल्पिक रूट बताए गए हैं। पहले रूट में ISBT कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग, DBG रोड, पंचकुइयां रोड और आउटर सर्किल, कनॉट प्लेस शामिल है। दूसरे रूट में आश्रम चौक, रिंग रोड, राजघाट और JLN मार्ग है। तीसरे रूट में वंदे मातरम मार्ग, डॉ. अंबेडकर मार्ग, पंचकुइयां रोड और आउटर सर्किल का रास्ता है।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन: यहां जाने के लिए ISBT कश्मीरी गेट, रिंग रोड, हनुमान मंदिर और एसपी मुखर्जी मार्ग का रूट बताया गया है। दूसरा रूट आश्रम चौक, रिंग रोड, राजघाट, रिंग रोड, हनुमान मंदिर और एसपी मुखर्जी मार्ग से है। तीसरे रूट में वंदे मातरम मार्ग, डॉ। अंबेडकर मार्ग, रानी झांसी मार्ग, रानी झांसी फ्लाईओवर, बुलेवार्ड रोड और लोहथियान मार्ग शामिल है।
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन: AIIMS, रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड से स्टेशन पहुंचने का रूट बताया गया है। दूसरे विकल्प में ISBT कश्मीरी गेट, रिंग रोड, राजघाट, रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड का रास्ता है।
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए खास रूट
ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वालों के लिए अलग-अलग इलाकों से वैकल्पिक रूट बताए हैं। एडवाइजरी में एयरपोर्ट की यात्रा के दौरान मेट्रो को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।
गुरुग्राम से: T3/T4/T2 जाने वालों के लिए NH-48, राव गजराज सिंह मार्ग, ओल्ड दिल्ली गुरुग्राम रोड, UER-II, सर्विस रोड और T3 टर्मिनल रोड का रूट बताया गया है। T1 के लिए NH-48, महिपालपुर फ्लाईओवर के नीचे से T3 रोड और NH-48 से उलान बातर मार्ग होते हुए T1 रोड का विकल्प दिया गया है।
द्वारका से: T3/T4/T2/T1 जाने वालों के लिए सेक्टर-22 द्वारका रोड से UER-II और T3 के लिए नए टनल का रास्ता बताया गया है।
नई दिल्ली और साउथ दिल्ली से: T3 के लिए रिंग रोड, AIIMS चौक, मोती बाग चौक, RTR मार्ग, शंकर विहार फ्लाईओवर के नीचे, संजय टी-पॉइंट, सर्विस रोड, NH-48, महिपालपुर फ्लाईओवर के नीचे रंगपुरी और T3 रोड का रूट बताया गया है। एक अन्य विकल्प में AIIMS चौक, रिंग रोड, मोती बाग चौक, RTR मार्ग, शंकर विहार फ्लाईओवर और उलान बातर मार्ग शामिल है।
वेस्ट दिल्ली से: पंजाबी बाग चौक, रिंग रोड, राजा गार्डन चौक, नजफगढ़ रोड, पंखा रोड, डाबरी, द्वारका रोड, रोड नंबर 224, डाबरी-गुरुग्राम रोड, सेक्टर-22 द्वारका रोड, UER-II, सर्विस रोड NH-48 और T3 टर्मिनल रोड का रूट बताया गया है।
नॉर्थ और ईस्ट दिल्ली से: ISBT कश्मीरी गेट, रानी झांसी फ्लाईओवर, रोहतक रोड, पंजाबी बाग चौक, राजा गार्डन चौक, नजफगढ़ रोड, पंखा रोड, डाबरी, द्वारका रोड, रोड नंबर 224, डाबरी-गुरुग्राम रोड, सेक्टर-22 द्वारका रोड, UER-II, सर्विस रोड NH-48 और T3 टर्मिनल रोड का रूट बताया गया है।
VVIP मूवमेंट के दौरान बसों के रूट में बदलाव किया जा सकता है। मेट्रो के सभी स्टेशन चालू रहेंगे और मेट्रो सेवा में कोई रुकावट नहीं होगी। टैक्सी और ऑटो को निर्धारित जगहों के अलावा सड़क किनारे पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। जरूरत पड़ने पर इनके रूट में भी बदलाव किया जा सकता है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, बिना गंतव्य वाले कमर्शियल वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक रहेगी। नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग सख्त तौर पर प्रतिबंधित रहेगी। लोगों से अधिक समय लेकर यात्रा करने और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
इमरजेंसी और मेडिकल वाहनों के लिए दिल्ली में 24 घंटे बिना रुकावट रास्ता बनाए रखने की बात कही गई है। जरूरी सेवाओं और यूटिलिटी ऑपरेशन के लिए भी सभी जोन में पहुंच बनी रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। अगर किसी को कोई अज्ञात वस्तु या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचना देने को कहा गया है। ट्रैफिक की ताजा जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया चैनल और ट्रैफिक पोर्टल पर अपडेट लेते रहने की सलाह दी गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की अपील है कि लोग पहले से अपना रूट प्लान करें और ट्रैफिक डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें।
