नई दिल्ली। दुनिया जहां हमें यह सिखाती है जिसका उदय होता है उसका अस्त होना तय है लेकिन सूर्योपासना का महापर्व ‘छठ’ हमें यह सिखाती है जो अस्त होता है उसका उदय होना भी सत्य है। दुनिया भर में ढलते हुए सूर्य के पूजन का यह इकलौता पर्व है जो इतनी आस्था के साथ मनाया जाता है। छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह पर्व सबको एक सूत्र में पिरोने का काम करता है।
इस पर्व में अमीर-गरीब, बड़े-छोटे का भेद मिट जाता है। सब एक समान एक ही विधि से भगवान की पूजा करते हैं। अमीर हो वो भी मिट्टी के चूल्हे पर ही प्रसाद बनाता है और गरीब भी, सब एक साथ गंगा तट पर एक जैसे दिखते हैं। बांस के बने सूप में ही अर्घ्य दिया जाता है। प्रसाद भी एक जैसा ही और गंगा और भगवान भास्कर सबके लिए एक जैसे हैं। छोटे -बड़े जैसी कोई भी भावना इस महापर्व में नहीं देखी जाती।
लोक आस्था का यह महापर्व ‘छठ’ नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ। महापर्व के दूसरे दिन गुरुवार को नहाय खाय के बाद खरना का व्रत श्रद्धालुओं ने रखा। सूर्य अस्त होने के बाद गुड़ की खीर से पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया। आज शाम को अस्त होते हुए सूर्य देव को श्रद्धालु अर्घ्य अर्पित करेंगे आज के दिन व्रत रखने वाली महिलाएं शाम के समय डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर छठ माई से संतान की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं और कल सुबह के उगते सूर्य को अर्घ्य देकर इस महापर्व का समापन किया जायेगा।
इस बार की छठ पूजा हर बार की तरह थोड़ी अलग होगी कोरोना महामारी के प्रकोप के कारण सार्वजनिक स्थानों पर लोग एकत्र होने से जहां बच रहे हैं सरकार भी सतर्क है की कोई भी सार्वजनिक रूप से एकत्रित न हो और यह बचाव के लिए जरूरी भी है।
इस बार कई राज्य सरकारों ने भी कोरोना से बचाव को देखते हुए छठ पूजा के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। कोरोना काल में हमने नवरात्रि, दशहरा और दिवाली जिस प्रकार सचेत होकर मनाई है, ठीक वैसे ही छठ पूजा में भी सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
छठपर्व के इस शुभ अवसर पर सभी नेताओं ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लोगों को छठ पूजा की शुभकानाएं ट्वीट के जरिये दीं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा,’आस्था के पावन महापर्व, छठ पूजा पर देशवासियों को शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि इस वर्ष छठ मैया सभी देशवासियों को आरोग्य और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करे। आइए, छठ पूजा के शुभ अवसर पर प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण का संकल्प लें तथा कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए पर्व मनाएं।’
आस्था के पावन महापर्व, छठ पूजा पर देशवासियों को शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि इस वर्ष छठ मैया सभी देशवासियों को आरोग्य और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करे। आइए, छठ पूजा के शुभ अवसर पर प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण का संकल्प लें तथा कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए पर्व मनाएं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) November 20, 2020
गृह मंत्री अमित शाह ने भी लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, ‘सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।’
सूर्य उपासना के महापर्व ‘छठ पूजा’ की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। pic.twitter.com/iRFG9T50QO
— Amit Shah (@AmitShah) November 20, 2020
सुर्योपासना का महापर्व छठ के अवसर पर बिहार के हर कोने में भक्तिमय माहौल बन चुका है। वहीं दूसरी तरफ कोरोना संक्रमण को देखते हुए बिहार सरकार ने भी पर्व को काफी सतर्कता से मनाने की अपील की है। जिसके लिए राज्य में सरकारी गाइडलाइन जारी किए गए हैं। जिसमें 60 साल से अधिक व 10 साल से कम उम्र के लोगों को नदी घाटों पर जाने की अनुमति नहीं दी गई है। वहीं अर्ध्य के दौरान नदी में डुबकी लगाने पर भी रोक लगाई गई है।