
नई दिल्ली। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ जारी है और सोमवार को नगालैंड पहुंच चुकी है। इस बीच खबर है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता देश के करीब सैकड़ों मंदिरों का दौरा करेंगे और मत्था टेकेंगे। कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि पार्टी नेता भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान सैकड़ों मंदिरों का दौरा करेंगे। वहीं कांग्रेस का कहना है कि संसद के बजट सत्र में मांग उठाई जाएगी कि राज्य के घावों पर मरहम लगाने के लिए पीएम मोदी मणिपुर का दौरा करें।
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, दरअसल, भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान सैकड़ों मंदिरों में कांग्रेस नेताओं के दर्शन करने की खबर ऐसे वक्त में आई है, जब अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन की तैयारी चल रही है। 22 जनवरी को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी को निमंत्रण दिया गया है, मगर उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया है। इस पर कांग्रेस प्रवक्ता कन्हैय्या कुमार ने कहा कि मंदिर समारोह के लिए निमंत्रण की अवधारणा भारतीय संस्कृति में अजीब है, क्योंकि मंदिर के दौरे अनुयायियों के लिए दैवीय आह्वान का पालन करते हैं।
कन्हैया कुमार ने कहा कि तीर्थयात्राओं के लिए हमने प्राचीन काल से ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ का पालन किया है। यह सर्वशक्तिमान है जो हमें बुलाता है। मंदिरों में जाने का निमंत्रण कभी नहीं मिला। कन्हैया कुमार ने कहा कि कांग्रेस नास्तिक पार्टी नहीं है और किसी भी धार्मिक समारोह का विरोध नहीं करती है। उन्होंने कहा, ‘हम मंदिरों में क्यों नहीं जाएंगे? हम यात्रा के दौरान सैकड़ों मंदिरों में जाएंगे, हम मस्जिदों, चर्चों, गुरुद्वारों में जाएंगे। हम सभी की पार्टी हैं। इसलिए केवल कांग्रेस ही है, जो भारत जोड़ो यात्रा कर सकती है।’
बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी ने मैतेई, कुकी और नागा के गढ़ों को पार करते हुए पूरे मणिपुर की यात्रा की, जहां लोग उनके स्वागत के लिए सड़कों पर उमड़ पड़े। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ सोमवार शाम नगालैंड पहुंच गई। राहुल गांधी अपनी पार्टी के सहयोगियों के साथ मणिपुर की सीमा से लगे कोहिमा जिले के खुजामा गांव पहुंचे। इस यात्रा को रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मणिपुर के थौबल में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 15 राज्यों के 100 लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इस दौरान कुल 6,713 किलोमीटर की दूरी बस और पैदल तय की जाएगी और इसका समापन 20 या 21 मार्च को मुंबई में होगा।