कोरोना के खिलाफ कांग्रेस की जंग, ‘हेलो डॉक्टर’ हेल्पलाइन की शुरुआत

भास्कर न्यूज ऑनलाइन भास्कर न्यूज ऑनलाइन
देश Updated On :

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कोरोना से पीड़ित मरीजों की मदद के उद्देश्य से एक चिकित्सा परामर्श हेल्पलाइन की शुरुआत की। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘भारत को एकजुट होने और अपने लोगों की सहायता करने की आवश्यकता है। हमने चिकित्सा परामर्श हेल्पलाइन ‘हेलो डॉक्टर’ की शुरुआत की है।’


उन्होंने ‘हेलो डॉक्टर’ का लिंक साझा करते हुए कहा, ‘प्रिय डॉक्टरों और मानसिक स्वास्थ्य पेशेवरों, हमें आपकी सहायता की जरूरत है। कृपया इस पहल से जुड़ें।’ कोरोना को लेकर युवा कांग्रेस ने एक नया अभियान शुरू किया है जिसके तहत लोगों को समय पर चिकित्सा से सम्बंधित परामर्श मिल सके।

भारतीय युवा कांग्रेस ने भी शनिवार को प्लाज्मा हेल्प लिंक अभियान की पहल की, जिसके तहत युवा कांग्रेस कार्यकर्ता कोरोना से उबर चुके लोगों से संपर्क करेंगे और उनका प्लाज्मा एकत्र किया जाएगा। कांग्रेस युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने कहा कि भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब सरकार के बजाय विपक्ष लोगों तक पहुंच रहा है।