CORONA UPDATE : देश में कोविड-19 के 31,222 नए मामले दर्ज, 290 मरीजों की मौत

देश में एक दिन में कोविड-19 के 31,222 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,30,58,843 हो गयी है।

नई दिल्ली।  देश में एक दिन में कोविड-19 के 31,222 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,30,58,843 हो गयी है, स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी ।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 290 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,41,042 हो गई, कोविड-19 मृत्यु दर 1.33 प्रतिशत है।

आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 53,31,89,348 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 15,26,056 नमूनों की जांच सोमवार को की गई। दैनिक संक्रमण दर 2.05 प्रतिशत है। वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 2.56 प्रतिशत है, जो पिछले 74 दिन से तीन प्रतिशत से कम है। देश में अभी तक कुल 3,22,24,937 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।

आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में जिन 290 लोगों की मौत हुई, जिनमें से केरल के 135 और महाराष्ट्र के 37 लोग थे। देश में संक्रमण से अभी तक 4,41,042 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,37,811 लोग, कर्नाटक के 37,426 लोग, तमिलनाडु के 35,036 लोग, दिल्ली के 25,082 लोग, उत्तर प्रदेश के 22,861 लोग, केरल के 21,631 लोग और पश्चिम बंगाल के 18,515 लोग थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

First Published on: September 7, 2021 10:59 AM
Exit mobile version