आबकारी नीति मामले में बरी होने के बाद अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में रैली का आयोजन किया था। यह रैली रविवार (1 मार्च) को होनी थी, लेकिन ऐन मौके पर दिल्ली पुलिस ने अनुमति न देते हुए यह रैली कैंसिल कर दी। इसपर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नाराजगी जाहिर की है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आम आदमी पार्टी की कल एक मार्च को जंतर-मंतर पर रैली थी। कई दिनों पहले से ये रैली घोषित हो गई थी। अभी आखिरी वक्त में इन लोगों ने पुलिस से रैली कैंसिल करवा दी।”
अरविंद केजरीवाल का सवाल- ‘कोर्ट के आदेश का परिणाम है?’
‘इन लोगों ने’ से अरविंद केजरीवाल का तात्पर्य दिल्ली और केंद्र की बीजेपी सरकार से है। नाराजगी जाहिर करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, “क्या ये कल कोर्ट के आदेश का परिणाम है? रैली करना, अपनी बात रखना, ये तो सभी का संवैधानिक अधिकार है। इस तरह से तानाशाही करना सही नहीं। हमें रैली करने दी जाए।”
‘कमिश्नर नहीं उठाते मेरा फोन’- संजय सिंह का दावा
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी एक्स पर लिखा, “दिल्ली में जंतर मंतर आंदोलन के लिए निर्धारित जगह है जहां आंदोलन की अनुमति देना दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन BJP की घबराहट देखिए, अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को जंतर मंतर पर सभा करने की इजाजत नहीं दी। मैंने कई बार दिल्ली पुलिस कमिश्नर को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठता।”
