खेत की रखवाली के लिए गए बुजुर्ग और युवक की हत्या

खेत में रखवाली के लिए गए अजीज और शान मोहम्मद की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अजीज सुल्तानपुर, गैराबाद के रहने वाले थे जबकि शान मोहम्मद दावकी खेड़ा, उत्तराखंड के निवासी थे।

बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में खेत की रखवाली के लिए गए एक बुजुर्ग और एक युवक की पांच बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार घटना की वजह जमीन को लेकर पुरानी दुश्मनी बतायी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने सोमवार को बताया, ‘‘थाना मंडावर में रविवार रात लगभग साढे़ दस बजे अपने खेत में रखवाली के लिए गए अजीज (80) और शान मोहम्मद (25) की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अजीज सुल्तानपुर, गैराबाद के रहने वाले थे जबकि शान मोहम्मद दावकी खेड़ा, उत्तराखंड के निवासी थे।’’

पुलिस अधीक्षक के अनुसार मृतक अजीज के पुत्र सलीम की शिकायत पर मुजफ्फरनगर के पुरकाजी जिला में गांव बढ़ीवाला थाना के निवासी सरदार बूटा सिंह, उसके पिता सरदार तरना सिंह सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या जमीन विवाद के कारण हुई। अजीज का आरोपियों के साथ जमीन विवाद का मुकदमा चल रहा था।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीम गठित की गयी है और छापे मारे जा रहे हैं।

First Published on: January 25, 2021 4:14 PM
Exit mobile version