रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में करेंट लगने से हाथी की मौत के मामले में विद्युत विभाग के तीन कर्मचारियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वनमण्डल के गेरसा गांव में करेंट लगने की वजह से हाथी की मौत के मामले में दो आरोपी किसानों और विद्युत विभाग के तीन कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इस मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने देखा कि किसान भादोराम और एक अन्य किसान ने पंप चलाने के लिए बिजली के खंभे से अवैध रूप से पम्प तक तार खींचा है, जिसकी चपेट में आने से हाथी की मौत हुई है।
चतुर्वेदी ने बताया कि मौके पर पहुंचे बिलासपुर के मुख्य वन संरक्षक अनिल सोनी और धरमजयगढ़ की वनमंडल अधिकारी प्रियंका पाण्डेय ने दोनों आरोपी किसानों से सिंचाई पम्प के लिए अवैध रूप से तार खींचने के संबंध में पूछताछ की और उनके खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम के तहत कार्रवाई का निर्देश दिया।
अधिकारी ने बताया कि इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने पाया कि विद्युत विभाग के सब इंजीनियर पी कुजूर और अन्य कर्मियों द्वारा विद्युत खंभे से अवैध रूप से खींचे गए तार को निकलवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सब इंजीनियर सहित दो विद्युत कर्मियों के खिलाफ साक्ष्य मिटाने के मामले में कार्रवाई की गई है। छत्तीसगढ़ में इस महीने की नौ तारीख से अब तक पांच हाथियों की मौत हुई है।
राज्य के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में नौ और 10 जून को वन विभाग ने दो हाथियों का तथा 11 जून को बलरामपुर जिले में एक हाथी का शव बरामद किया था। लगातार तीन हाथियों की मौत के बाद राज्य शासन ने बलरामपुर जिले में वन विभाग के तीन अधिकारियों और एक वन रक्षक को निलंबित कर दिया था। वहीं मामले की जांच की जा रही है। इधर मंगलवार को धमतरी जिले के मोंगरी गांव में दलदल में हाथी के एक शावक का भी शव बरामद किया गया था।
Related
-
राहुल गांधी को किरेन रिजिजू की सात सलाह, बोले- भाजपा, आरएसएस और मोदी से नफरत छोड़ें
-
जंतर-मंतर से हटीं बैरिकेडिंग, अब यहां नहीं हो सकेंगे विरोध प्रदर्शन
-
दिल्ली में व्यापार प्रभावित होने पर कैट ने राहुल गांधी को ठहराया जिम्मेदार, लिखा पत्र
-
एसआईआर को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए: दत्तात्रेय होसबोले
-
पंजाब चुनाव में AAP की बड़ी तैयारी, कई सीटों पर बदलेंगे उम्मीदवार
-
मौलाना महमूद मदनी बोले- ‘मुसलमान किरायेदार नहीं, देश के हिस्सेदार हैं’
-
गुजरात में पीएम मोदी का रोडशो, 14 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की देंगे सौगात
-
INDIA गठबंधन की रैली रोकने का दबाव बनाया जा रहा: पवन खेड़ा
