पूर्व अटॉर्नी जनरल सोली सोराबजी का निधन, मोदी ने दी सोली सोराबजी को श्रद्धांजलि

सोराबाजी का कोविड-19 के कारण यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 91 साल के थे। वह 1989-90 और 1998-2004 तक भारत के अटॉर्नी जनरल रहे।

नई दिल्ली। देश के जाने-माने न्यायविद और पूर्व अटॉर्नी जनरल सोली सोराबजी का आज (30 अप्रैल) निधन हो गया। वह 91 साल के थे। सोराबजी पहले 1989 से 1990 तक अटॉर्नी जनरल रहे थे। इसके बाद उन्होंने 1998 से 2004 तक यह जिम्मेदारी निभाई। बता दें कि सोली सोराबजी का पूरा नाम सोली जहांगीर सोराबजी था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रख्यात न्यायविद सोली जहांगीर सोराबजी को श्रद्धांजलि देते हुए शुक्रवार को कहा कि वह उत्कृष्ट वकील थे और कानून के जरिए गरीबों एवं वंचितों की मदद करने के लिए आगे रहते थे।

सोराबाजी का कोविड-19 के कारण यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 91 साल के थे।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘श्री सोली सोराबजी उत्कृष्ट वकील और विद्वान थे। वह कानून के जरिए गरीबों और वंचितों की मदद करने में आगे रहते थे। उन्हें भारत के अटॉर्नी जनरल के तौर पर उल्लेखनीय कार्यकाल के लिए याद रखा जाएगा। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी सोराबजी के निधन पर शोक जताया। सोराबजी के परिवार एवं सहकर्मियों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए बनर्जी ने प्रख्यात न्यायविद को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भारत के सबसे प्रतिष्ठित न्यायविदों में से एक और पूर्व अटॉर्नी जनरल, पद्म विभूषण सोली सोराबजी के निधन से दुखी हूं। उन्होंने अभिव्यक्ति की आजादी और मानवाधिकारों की रखा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके परिवार और सहकर्मियों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’

राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने भी सोराबजी के निधन पर शोक जताया। कानूनविद को श्रद्धांजलि देते हुए पवार ने कहा कि उनका लंबा करियर संविधान की भावना की ओर प्रतिबद्धता का उदाहरण है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व अटॉर्नी जनरल पद्म विभूषण श्री सोली सोराबजी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। वरिष्ठ अधिवक्ता के तौर पर उनका लंबा करियर भारत के संविधान की भावना और संप्रभुत्ता की ओर प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवदेनाएं हैं।’’

First Published on: April 30, 2021 5:53 PM
Exit mobile version