पूर्व केंद्रीय मंत्री जगमोहन का निधन, पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जम्मू कश्मीर के राज्यपाल रहे जगमोहन (93) का निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राजनीतिक लोगों ने मंगलवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी। जगमोहन ने बतौर नौकरशाह अपने करियर की शुरुआत की थी और उन्हें सख्त और दक्ष प्रशासक के रूप में देखा जाता था।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘जगमोहन जी का निधन हमारे राष्ट्र के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। वह एक कुशल प्रशासक और प्रतिष्ठित विद्वान थे। उन्होंने देश की बेहतरी के लिए हमेशा काम किया। बतौर मंत्री अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई नवप्रवर्तक नीतियां बनाई। परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।’’

उन्होंने दिल्ली के उपराज्यपाल के रूप में भी काम किया। वर्ष 1984 में उन्हें जम्मू एवं कश्मीर का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उनके निधन पर शोक जताया और कहा कि जम्मू एवं कश्मीर के राज्यपाल के रूप में उनके कार्यकाल को हमेशा याद किया जाएगा।

First Published on: May 4, 2021 11:31 AM
Exit mobile version