
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू को भारत का नया नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) नियुक्त किया है। वह राजीव महर्षि की जगह लेंगे।
आर्थिक मामलों के विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, ‘‘…राष्ट्रपति को श्री गिरीश चंद्र मुर्मू को भारत का नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक नियुक्त करते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है, उनकी नियुक्ति पदभार संभालने के तिथि से प्रभावी होगी।’’ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज दिन में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के पद से मुर्मू का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था।
Read More:- श्रीलंका चुनावों में महिंद्रा राजपक्षे की भारी जीत, पीएम ने दी जीत की बधाई तो राजपक्षे ने भी संबंधों को मजबूत बनाने का किया वादा
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के केंद्र शासित राज्य बनने के बाद गिरीश चंद्र मुर्मू पहले उपराज्यपाल नियुक्त किए गए थे, लेकिन कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के बीच तालमेल की कमी को लेकर उन्हें शिकायतें थी।
वहीं मुर्मू के इस्तिफा देते ही केंद्र सरकार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश से भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज सिन्हा को केंद्र शासित प्रदेश का नया उपराज्यपाल नियुक्त कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार मनोज सिन्हा गुरुवार को श्रीनगर पहुंचे गए। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव बी वी आर सुब्रमण्यम और पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने हवाई अड्डे पर सिन्हा का स्वागत किया।