गीता प्रेस के अध्यक्ष खेमका का निधन, पीएम ने जताया शोक

भाषा भाषा
देश Updated On :

नई दिल्ली। गीता प्रेस के अध्यक्ष और धार्मिक पत्रिका कल्याण के संपादक राधेश्याम खेमका का शनिवार दोपहर को निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। खेमका के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने खेमका के निधन पर शोक व्यक्त करके हुए रविवार को कहा कि खेमका जीवनभर विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे।

PM ने ट्वीट में कहा, ‘‘गीता प्रेस के अध्यक्ष और सनातन साहित्य को जन-जन तक पहुंचाने वाले राधेश्याम खेमका जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। खेमका जी जीवनपर्यंत विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं।’’ खेमका धार्मिक पत्रिका कल्याण के संपादक भी थे। शनिवार दोपहर वाराणसी में उनका निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे।

गीता प्रेस के अध्यक्ष राधेश्याम खेमका का हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार किया गया और उनके पुत्र राजा राम खेमका ने उन्हें मुखाग्नि दी। राधेश्याम खेमका पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और रविन्द्रपुरी स्थित एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके परिवार में पुत्र राजा राम खेमका और पुत्री राज राजेश्वरी चोखानी हैं।