
कई राज्यों ने 30 जून तक लाॅकडाउन बढ़ा दिया है। तमिलनाडु, पंजाब, महाराष्ट्र, बिहार और मिजोरम सहित अन्य राज्यों ने केंद्र की समय सीमा को अपनाया है। राज्यों ने रविवार को एक और महीने यानी 30 जून तक लॉकडाउन को बढ़ा दिया है।
मिजोरम
वहीं मिजोरम सरकार की ओर से ल़ॉकडाउन के पांचवें चरण के लिए जारी दिशा-निर्देश में सामाजिक दूरी और अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्यीय सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखने पर जोर दिया गया है। यह सोमवार से प्रभावी होंगे।
सरकार ने रविवार को आदेश में कहा, देश के अन्य हिस्सों में कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी, खासकर, पड़ोसी राज्यों में बढ़ते मामले को देखते हुए और अन्य राज्यों के निषिद्ध क्षेत्रों से लौट रहे मिजोरम के लोगों के मद्देनजर मिजोरम में बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन की अवधि को 30 जून तक बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की गई है।
आदेश में कहा गया है कि रात का कर्फ्यू शाम सात से सुबह साढ़े चार बजे तक रहेगा और पांच से ज्यादा लोगों के जमा होने पर भी रोक रहेगी। शादी और अंतिम संस्कार में 20 लोगों के शामिल होने की इजाजत है।
इस बीच राज्य के शिक्षा मंत्री लालछंदमा राल्ते ने बताया, नए दिशा-निर्देशों का असर 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं और कक्षा 10वीं के कम्पार्टमेंट के इम्तिहान पर नहीं पड़ेगा जो 16-18 जून से होने हैं।
तमिलनाडु
तमिलनाडु सरकार ने लॉकडाउन की अवधि 30 जून तक के लिए बढ़ा दी है और सार्वजनिक परिवहन सुविधा को आंशिक रूप से बहाल करने और कार्यस्थल पर अधिक कर्मियों की मंजूरी देने समेत कुछ ढील दी हैं।
मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने कहा, धार्मिक स्थलों, अंतरराज्यीय बस परिवहन, मेट्रो और उपनगरीय रेल सेवा पर प्रतिबंध जारी रहेंगे। सार्वजनिक परिवहन एक जून से आंशिक रूप से बहाल किया जाएगा, लेकिन चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और चेंगलपेट जिलों में बसें नहीं चलेंगी, क्योंकि राज्य में संक्रमण के सर्वाधिक मामले यहीं से सामने आए हैं। पलानीस्वामी ने कहा, निजी बसों को अधिकृत मार्गों पर चलने की अनुमति दी जाएगी।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र सरकार ने राज्यम में 30 जून तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। महाराष्ट्र में जरूरी कामों को छोड़कर पूरे राज्य में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा। राज्य के सीएम उद्धव ठाकरे ने अधिकारियों से कहा है कि कोरोना का एक केस भी नहीं छिपना चाहिए।
पंजाब
पंजाब में लाॅकडाउन 30 जून तक बढ़ाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, यहां धार्मिक स्थलों को खोला जाएगा। 500 से ज्यादा श्रद्धालुओं की आमद वाले धर्म स्थलों में सरकार टोकन सिस्टम लागू कर सकती है। राज्य में स्कूल, कॉलेज अभी 30 जून तक बंद रहेंगे। वहीं कंटेनमेंट जोन में रहने वाले लोगों को अभी कोई छूट नहीं मिलेगी। वहां पर पहले की ही तरह पाबंदियां लागू रहेंगी।
बिहार
बिहार सरकार ने अपने राज्य में 30 जून तक कोंटनेमेंट जोन में लाॅकडाउन बढा दिया है। बिहार का यह फैसला लगभग केंद्र के अनुरूप है।
झारखंड
झारखंड में कंटेनमेंट जोन में 30 जून तक लाॅकडाउन रहेगा। वहीं कैबिनेट के फैसले के अनुसार, अब सुबह 9 से शाम 7 बजे तक बाजारों की सभी दुकानें खुल सकेंगी। रविवार को बाजार बंद रखे जाएंगे। भीड़ को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी संबंधित जिले के डीसी, निगम आयुक्त व मार्केट एसोसिएशन की होगी। रोडवेज बसों की आवाजाही की समय-सारिणी समय-समय पर परिवहन विभाग द्वारा जारी की जाएगी। सिर्फ कंटेनमेंट जोन में 30 जून तक लाॅकडाउन रहेगा। धर्म स्थलों पर फैसले के लिए 6 जून को फिर से कैबिनेट की बैठक होगी।